सोमवार को वारदात के समय संदीप नंगल अंबियां टूर्नामेंट के दौरान अपने कुछ साथियों को कार तक छोड़ने निकले थे। तभी घात लगाकर बैठे शॉर्प शूटरों ने गोलियों की बौछार कर दी। हमलावर सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर गिलान गांव की ओर भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों की स्विफ्ट में एक व्यक्ति पहले से बैठा था। चार हमलावर हाथ में पिस्तौल लेकर संदीप के पास पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी।
एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। तफ्तीश हर एंगल से की जा रही है। अभी पुलिस को पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं। वहीं सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने इलाके के मोबाइल का डंप निकाला है। इसे खंगाला जा रहा है। वहीं पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने संदीप की रेकी की। पुलिस अधिकारी यह भी मानते हैं कि गैंगस्टरों को गांव मल्लियां खुर्द से निकलने का रास्ता भी किसी स्थानीय ने दिया है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि एक शार्प शूटर बाएं हाथ से रिवाल्वर से गोलियां चला रहा था।
होला मोहल्ला में होने वाला कबड्डी टूर्नामेंट रद्द
इंग्लैंड कबड्डी फेडरेशन के प्रधान सुरेंद्र सिंह मानक, कबड्डी फेडरेशन के प्रधान सुरजन सिंह चट्ठा ने पत्रकार वार्ता कर श्री आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला में होने वाले टूर्नामेंट को रद्द करने की घोषणा की। साथ ही अन्य कबड्डी टूर्नामेंट आयोजित न करने का एलान किया। नॉर्थ इंडिया कबड्डी फेडरेशन के सुरजन सिंह चट्ठा और कार्यकारी प्रधान हरजीत सिंह सुक्खी ने सोमवार को हुई वारदात की निंदा की और कहा कि एक हफ्ते तक वह कोई भी टूर्नामेंट नहीं करवाएंगे। इसके बाद बैठक कर अगली रणनीति तैयार की जाएगी।
तमाम कबड्डी प्रमोटरों ने कहा कि खिलाड़ियों में खौफ खत्म करने के लिए सभी कबड्डी फेडरेशन व क्लब को एक मंच पर लाने का प्रयास आज से शुरू कर दिया गया है। सुरजन सिंह चट्ठा ने कहा कि हमने 2019 में जग्गू भगवानपुरिया के खिलाफ शिकायत दी थी लेकिन इसका कोई हल नहीं निकला। सुक्खी ने कहा कि कबड्डी के खिलाड़ियों के सिर से आतंक का साया खत्म करना हमारी प्राथमिकता है और देश-विदेश के सभी प्रमोटर इस संगीन घटना से आहत हैं। इससे कबड्डी के खिलाड़ियों में खौफ होना स्वाभाविक है।