शीर्ष अदालत के फरमान से बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर, पवार समेत कई को छोड़ना होगा राज्य एसोसिएशन में पद। सुप्रीम कोर्ट के एक व्यक्ति एक पद की सिफारिश मानने के बाद साफ है कि बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर (हिमाचल प्रदेश), सचिव अजय शिर्के (महाराष्ट्र), कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी (हरियाणा) और संयुक्त सचिव अमिताभ चौधरी (झारखंड) को अपने-अपने राज्य संघों में पद छोड़ना होगा।
इसके अलावा 70 से ज्यादा उम्र के मामले में शरद पवार, एन श्रीनिवासन और निरंजन शाह जैसे क्रिकेट प्रशासकों को भी पद छोड़ना पड़ेगा। 75 वर्षीय पवार मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं, जबकि 71 वर्षीय श्रीनिवासन तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। 72 वर्षीय शाह सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं।
प्रमुख सिफारिशें
- मंत्री, नौकरशाह और 70 से अधिक उम्र का कोई व्यक्ति बीसीसीआई या राज्य एसोसिएशनों का सदस्य नहीं होगा ।
- बीसीसीआई में खिलाड़ियों की एसोसिएशन होगी, इसे बोर्ड फंड भी देगा।
- एक राज्य एक वोट यानी हर राज्य से सिर्फ एक एसोसिएशन को वोट करने का अधिकार होगा। लेकिन गुजरात-महाराष्ट्र की तीन-तीन एसोसिएशनों को फिलहाल रोटेशन के आधार पर वोट करने की छूट
- एक व्यक्ति एक ही पद संभाल सकेगा। यदि कोई बीसीसीआई में सदस्य है तो राज्य एसोसिएशन में पद नहीं ले सकेगा।
- बीसीसीआई में सीएजी और राज्यों की एसोसिएशनों में अकाउंटेंट जनरल का प्रतिनिधि होगा