मनीमाजरा। लॉकडाउन के बाद से मनीमाजरा और आसपास के इलाके में मकानों की जमीन के इंतकाल के लिए लोग कई-कई माह से चक्कर काट रहे हैं। इसके लिए पटवारी कभी तहसीलदार के हस्ताक्षर न होने की बात बोल रहे हैं तो वहीं तहसीलदार देरी के लिए पटवारियों को जिम्मेदार ठहराकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं।
इस समय रोजाना कई लोग इंतकाल के लिए मनीमाजरा की गंगा देवी धर्मशाला में पटवारी के ऑफिस चक्कर काटते हैं पर रोजाना उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है। अधिकारियों की इस खींचातानी का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। मनीमाजरा, किशनगढ़, सुभाष नगर और आसपास के इलाके के इंतकाल की सैकड़ों फाइलें पटवारी के बाद तहसीलदार के हस्ताक्षर न होने के कारण रुकी पड़ी हैं।
कपिल वालिया ने बताया कि उन्होंने तीन महीने पहले सुभाष नगर में एक मकान खरीदा था। मकान की रजिस्ट्री होने के बाद अब इंतकाल चढ़ाने के लिए वह तीन महीने से चक्कर लगा रहे हैं पर पटवारी हर बार यही कह रहे हैं कि तहसीलदार नहीं मिल रहे हैं।
मनीमाजरा के विजय सिंह का कहना है कि करीब एक महीने से पटवारी के दफ्तर आकर चक्कर लगा रहा हूं। हर बार सारा काम छोड़कर आता हूं। वहीं पटवारी तहसीलदार के हस्ताक्षर न होने की बात कहकर लौटा देता है। आज भी वही जवाब मिला।
यूटी प्रशासक के सलाहकार के सामने रखेंगे समस्या : डिप्टी मेयर
नगर निगम के डिप्टी मेयर व मनीमाजरा के पार्षद जगतार सिंह जग्गा ने कहा कि इलाके की डेढ़ लाख की आबादी को तहसीलदार के हस्ताक्षर करवाने के लिए महीनों भटकना पड़ता है जोसरासर गलत है। तहसीलदार को हर सप्ताह मनीमाजरा में आकर लोगों के इंतकाल की फाइलें निपटानी चाहिए। इसके लिए वह यूटी प्रशासक के सलाहकार से मिलकर हर हफ्ते तहसीलदार को यहां मनीमाजरा में बैठने का प्रावधान करवाएंगे। हफ्ते में अगर तहसीलदार एक या दो दिन भी मनीमाजरा में बैठकर यहां का काम देखेगा तो लोगों को बहुत सहूलियत मिलेगी।
कोट्स
मेरी तरफ से हर किसी की फाइल को पूरा करने के बाद तहसीलदार के साइन होने के बाद इंतकाल दिया जाता है। बहुत सारी फाइलें हैं जो कि कंप्लीट है बस तहसीलदार के साइन होते भी लोगों को उनकी जमीन का इंतकाल दे दिया जाएगा। - हरदीप सिंह, पटवारी
मैने अभी थोड़े दिन पहले ही इस इलाके की जिम्मेदारी संभाली है। मेरे से पहले तहसीलदार नहीं काम नहीं किया होगा। परंतु मैं अपना काम पुरा करता हुं। जब से मैने ज्वाइन किया है तब से पटवारी के काम में ही कमी के कारण लोगों का इंतकाल दुखा होगा। अन्यथा मेरे पास जो भी इंतकाल आता है, उस पर तुरंत हस्ताक्षर कर देता हूं। ताकि लोग परेशान न हो। - योगेश कुमार, तहसीलदार