चंडीगढ़। सिटको (चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड) के लेक व्यू होटल को सुखना में बोटिंग शुरू होने का इंतजार है। बोटिंग शुरू नहीं होने से लेक व्यू को हर महीने 70 फीसदी नुकसान हो रहा है। हालांकि अनलॉक-1.0 के बाद सिटको प्रबंधन ने ऑनलाइन फूड और 50 प्रतिशत मेहमानों के लिए रेस्टोरेंट को खोल रखा है।
जानकारी के अनुसार सुखना लेक पर सिटको के बने लेक व्यू होटल एंड रेस्टोरेंट को प्रबंधन ने एसओपी के साथ 10 जून को खोला था। केंद्र की गाइडलाइन के अनुरूप ऑनलाइन फूड और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ रेस्टोरेंट चलाया जा रहा है, लेकिन सुखना लेक में बोटिंग नहीं शुरू होने के कारण रेस्टोरेंट में कम लोग आ रहे हैं। सिटको प्रबंधन के अनुसार धीरे-धीरे लोग पहुंच रहे हैं। एक माह में रेस्टोरेंट की सेल में 50 प्रतिशत तक की ग्रोथ आ चुकी है, एक-दो माह में हालात पहले जैसे ही हो जाएंगे।
छुट्टियों में बढ़ जाती है सेल
सिटको के वरिष्ठ प्रबंधक संदीप कपूर ने बताया कि हालात बेहतर हो रहे हैं। हर रोज लेक व्यू की सेल में सुधार हो रहा है। छुट्टी वाले दिनों में सेल में 50 प्रतिशत तक की ग्रोथ आ रही है। संक्रमण को देखते हुए ही लेक व्यू को एसओपी के तहत संचालित किया जा रहा है।