ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही लेडी इंस्पेक्टर को जब शिक्षामंत्री के बेटे ने धमकाया तो उन्होंने बिगड़े नवाब को जुबान संभाल कर बात करने की नसीहत दे दी। मंत्री पुत्र ने कार्रवाई के संबंध में कहा कि यह उनका क्षेत्र हैं, यहां पर पैसे के लिए किसी को परेशान न करें। इस पर दोनों में बहस भी हुई, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया।
हुआ यूं कि ट्रैफिक इंचार्ज बीना राणा शनिवार को महेंद्रगढ़ के राव तुलाराम चौक के नजदीक ओवरलोड गाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थीं। इसी दौरान चालान से बचने के लिए काफी चालक इंस्पेक्टर की किसी न किसी नेता से बात करवाने की कोशिश कर रहे थे। इंस्पेक्टर ने किसी का फोन नहीं सुना और धड़ाधड़ ओवरलोडेड डंपरों के चालान काट दिए।
इसी दौरान वहां पर परिवहन मंत्री रामबिलास शर्मा के पुत्र गौतम शर्मा पहुंच गए। गौतम शर्मा ने आते ही इंस्पेक्टर को कहा कि ये हमारा क्षेत्र है, यहां पैसे के लिए किसी को परेशान मत करो। इस पर लेडी इंस्पेक्टर ने कहा-माइंड यूअर लैंग्वेज, आप मुझे कैसे ब्लेम कर सकते हैं। इस पर दोनों में कुछ देर तक बीच सड़क पर बहस होती रही।
बाद में गौतम शर्मा अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से निकल गए और इंस्पेक्टर बीना राणा ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखी। इस घटना की शहर में चर्चा होती रही।
बाद में मान गए थे मंत्री पुत्र: बीना राणा
ट्रैफिक इंचार्ज बीना राणा ने कहा कि अवैध रूप से चल रहे वाहनों के चालान काटना उनकी ड्यूटी है। ऐसे में किसी लालच या दबाव में काम करने का सवाल ही पैदा नहीं होता। शिक्षामंत्री के बेटे से इस बारे में बात हुई थी, बाद में इस पर वह मान गए थे। वहीं एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मंत्री के पुत्र ने इससे पूर्व कभी चालान नहीं काटने के लिए दबाव नहीं डाला।
कार्यकर्त्ता के लिए गया था मौके पर: गौतम शर्मा
परिवहन मंत्री के बेटे गौतम शर्मा का कहना है कि किसी पार्टी कार्यकर्त्ता ने आकर बताया कि था कि उसकी गाड़ी को मंथली के लिए बेवजह परेशान किया जा रहा है। इस पर जब इंस्पेक्टर को फोन किया तो उन्होंने फोन पर बात नहीं की। इसके बाद खुद मौके पर पहुंचा और कार्यकर्त्ताओं को मंथली के लिए बेवजह परेशान नहीं करने की बात कही। इंस्पेक्टर को ओवरलोड गाड़ियों के चालान काटने से नहीं रोका, मेरा कहना था कि कार्यकर्त्ताओं को परेशान करना ठीक नहीं है।
एसपी के साथ मीटिंग में था, मामले की जानकारी नहीं है। इस मामले के बारे में मीडिया से ही पता चल रहा है। मामले के बारे में पता करवाएंगे। इंस्पेक्टर ने भी इस बारे में नहीं बताया।
- ओमप्रकाश, डीएसपी, महेंद्रगढ़