पति के साथ तलाक का केस चल रहा था, और 5 साल के बेटे के बैट से बुरी तरह पीटती थी। वीडियो वायरल हुआ और मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं बच्चा उसके पिता को सौंप दिया गया है। मामला हरियाणा के हिसार का है। आजाद नगर इलाके में प्लास्टिक के बैट से पांच साल के बेटे को बुरी तरह पीटती मां का वीडियो वायरल हुआ है।
बेरहम मां अपने बेटे को घर के बाहर गली के बीच में पीट रही है और जोर-जोर से चिल्ला भी रही है। हालांकि वीडियो में उसकी आवाज क्लीयर सुनाई नहीं दे रही कि वह क्या कह रही है, लेकिन गुस्से में वह बच्चे और किसी अन्य (जो वीडियो में नहीं दिख रहा) की ओर मुखातिब होकर जोर-जोर से कुछ कहती दिखाई दे रही है।
जैसे ही वीडियो चाइल्ड प्रोटेक्शन टीम को मिला तो टीम ने चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के माध्यम से मौके पर पहुंचकर बच्चे को कस्टडी में लेकर बच्चे के पिता के हवाले कर दिया। बच्चे के माता-पिता में तलाक का केस चल रहा है। पुलिस ने भी बच्चे के पिता की शिकायत के आधार पर जेजे एक्ट के सेक्शन-75 के तहत मां के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को पुलिस मां को गिरफ्तार भी कर सकती है।