मंच पर एक तरफ पंजाबी सिंगर लाभ जंजुआ अपने गीतों का जादू बिखेर रहे थे तो दूसरी तरफ कुर्सियों पर बैठी छात्राएं झूम रही थीं। छात्राओं के साथ साथ जसबीर जस्सी भी जंजुआ के गीतों पर थिरके।
जंजुआ ने अपने दो हिट गाने गाकर माहौल को इतना संगीतमय कर दिया कि हॉल में हर तरफ छात्राओं के हिलते हुए हाथ नजर आ रहे थे। जंजुआ ने पार्टनर फिल्म का गीत ‘सोहणी दे नखरे सोणे लगदे’ और सिंह इस किंग फिल्म का गीत ‘जी करदा वे जी करदा’ गाया।
भज्जी पर कुड़ियां फिदा
क्रिकेटर हरभजन सिंह एमसीएम कालेज पहुंच कर जैसे ही कार से उतरे छात्राओं ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। भज्जी उस वक्त फोन पर बात कर रहे थे।
उन्होंने फोन कान से हटाया और हैरत से छात्राओं को देखते हुए हाथ हिलाया। इसके बाद तो भज्जी से हाथ मिलाने के लिए छात्राओं में होड़ सी लग गई। भज्जी ने भी उन्हें निराश नहीं किया। भज्जी कालेज के हॉल में जैसे ही घुसे, तालियों की गड़गड़ाहट से उनका जोरदार स्वागत किया गया।
मोबाइल में कैद किए पल
हरभजन सिंह के अलावा छात्राओं ने पंजाबी गायक जसबीर जस्सी, लाभ जंजुआ, अभिनेता शाहबाज खान और हरीश वर्मा का भी इसी जोरदार अंदाज में स्वागत किया। कोई अपने मोबाइल में उनकी तस्वीरें कैद करने में जुटी थीं तो कोई उनके साथ फोटो खिंचाने की कोशिश कर रही थीं।