कुमार विश्वास के अरविंद केजरीवाल के बारे में खुलासे पर आम आदमी पार्टी ने सफाई दी है। पार्टी के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा ने कहा कि प्रोपेगंडा से साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले कुमार विश्वास ने कुछ क्यों नहीं कहा। फर्जी वीडियो से बदनाम करने की साजिश की जा रही है।
अब राघव चड्ढा के बयान पर कुमार विश्वास ने भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मेरा राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, कोई भी जीत या हार सकता है। भाजपा, कांग्रेस, अकाली दल या आप चुनाव जीते, मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता लेकिन मैंने जो कहा वह सच है। मैं उस पार्टी से था जिसे मैंने बनाया था। इसे गलत लोगों ने ले लिया है।
कुमार विश्वास ने कहा कि आत्ममुग्ध इंसान के कुछ चिंटू बोल रहे हैं, जो हमारे खून पसीने से बनी सरकारों के बाद आए हैं, मलाई चाटने। कुमार विश्वास ने कहा कि उन चिंटूओं से कहना है कि अपने आका को भेजो। कुमार विश्वास ने खुली चुनौती दी है कि किसी भी चौराहे और चैनल पर आ जाइए ताकि देश को पता भी चले कि आप क्या बोलते थे और तुम्हारे मैसेज क्या हैं।
इससे पहले राघव चड्ढा ने प्रेसवार्ता में कहा कि केजरीवाल को बदनाम करने की साजिश रची जा रही हे। बेईमान ताकतों को डर लग रहा है। पंजाब की जनता आप के साथ है। पंजाब में माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मैं इन बेईमान ताकतों से कहना चाहता हूं कि पंजाब के लोग इस दुष्प्रचार में नहीं फंसेंगे। पंजाब के लोग जानते हैं कि ईमानदार अरविंद केजरीवाल और आप को रोकने के लिए बेईमान ताकतें सिर्फ साजिश करना चाहती हैं।