पाकिस्तान की कोट लखपत जेल में भारतीय कैदी की संदिग्ध मौत को सरबजीत सिंह की बहन दलबीर कौर ने हत्या करार दिया है। मृतक पंजाब के गुरदासपुर का रहने वाला किरपाल सिंह था। मौत का कारण हार्टअटैक बताया जा रहा है, जबकि सरबजीत की बहन ने दलबीर कौर ने दावा किया है कि जेल में किरपाल की उनके भाई सरबजीत की तरह हत्या की गई है। परिजनों ने सरकार से शव को भारत लाए जाने की मांग की है।
कथित तौर पर जासूसी के आरोप में किरपाल (50) लाहौर जेल में 20 साल से भी ज्यादा समय से कैद थे। 1992 में वे वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान पहुंच गए थे और वहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में पाक पंजाब में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के मामले में उन्हें मौत की सजा दे दी गई।
कोट लखपत जेल के एक अधिकारी ने बताया, ‘जेल में सोमवार तड़के अपनी सेल में किरपाल सिंह मृत पाए गए।’ अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम के लिए शव जिन्ना हॉस्पिटल भेज दिया गया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने किरपाल की अचानक मौत के मामले में उनके साथ रहने वाले कुछ कैदियों के बयान भी दर्ज किए हैं।
पोस्टमार्टम से ही मौत की सही वजह सामने आएगी
गुरदासपुर का रहने वाला किरपाल सिंह
- फोटो : file
प्रताड़ित किए जाने से क्या किरपाल की मौत हुई, इस सवाल पर अधिकारी ने कहा, ‘साथी कैदियों ने बयान दिया है कि किरपाल ने सीने में दर्द की शिकायत की थी और कुछ समय बाद ही उनकी मौत हो गई।’ इससे पहले कोट लखपत जेल पुलिस स्टेशन के इंचार्ज नफीस अहमद ने बताया कि जेल अधिकारियों ने शव को मुर्दाघर में शिफ्ट करने के लिए पुलिस को फोन किया था। ऐसा लगता है कि भारतीय कैदी की स्वाभाविक मौत हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि पोस्टमार्टम से ही मौत की सही वजह सामने आएगी।
कोट लखपत में ही बंद थे सरबजीत
अप्रैल 2013 में कोट लखपत जेल में ही बंद कुछ कैदियों ने सरबजीत सिंह पर हमला किया था, जिससे उनकी मौत हो गई। दो आरोपियों मोहम्मद मुदस्सर और आमिर तांबा के खिलाफ सरबजीत की हत्या का मुकदमा चल रहा है। सरबजीत को फैसलाबाद, मुल्तान और लाहौर में हुए चार बम धमाकों में कथित तौर पर शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।