हरियाणवी गायक राजू पंजाबी की मौत से शोक की लहर हैं। उन्होंने मंगलवार सुबह हिसार के जिंदल अस्पताल में आखिरी सांस ली। पीलिया से ग्रसित होने पर राजू पंजाबी को भर्ती कराया गया था। आठ से 17 अगस्त तक अस्पताल में भर्ती थे। तबीयत बिगड़ने पर करीब 36 वर्षीय राजू पंजाबी को 21 अगस्त की शाम को दोबारा भर्ती किया गया था।
राजू ने हरियाणवी गानों को देश-दुनिया तक पहुंचाया। उनके गाने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश में धूम मचाते हैं। तेरे सैंडला ने काट बगाई या गाल भाभी री, मीनहे भर में बन जा गी तेरी सोलिड बाडी र, देसी देसी ना बोल्या कर छोरी रै। सबसे अधिक बजते हैं। राजू पंजाबी का अंतिम गाना अस्पताल से ही 12 अगस्त 2023 को रिलीज किया था। इसके बोल हैं 'आपसे मिलके यारा हमको अच्छा लगा था'। इस गाने को लेकर उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट भी लिखी थी। हरियाणवी गायकों, कलाकारों व अन्य गणमान्य लोगों ने शोक व्यक्त किया है।
1996 में भजनों से गायन की शुरुआत की थी
राजू पंजाबी का असली नाम राजा कुमार है। हरियाणवी फिल्मी इंडस्ट्री में उनकी पहचान राजू पंजाबी के नाम से थी। राजू पंजाबी ने 1996 में भजनों से गायन की शुरुआत की थी। वर्ष 2013 से हरियाणवी गाने शुरू किए थे। करीब एक हजार से अधिक हरियाणवी और राजस्थानी गाने गा चुके हैं।
जिंदल अस्पताल पहुंचे समर्थक
राजू के निधन की खबर मिलने पर उनके सैकड़ों समर्थक व कलाकार जिंदल अस्पताल पहुंचे। काफी कलाकार उनके शव के साथ उनके पैतृक गांव रावतसर खेड़ा पहुंचे। जहां राजू पंजाबी का अंतिम संस्कार किया गया। राजू पंजाबी ने कैमरी रोड स्थित न्यू मॉल इनक्लेव में मकान किराये पर लिया हुआ था। यहां राजू पंजाबी अपनी दो बेटी, पत्नी व अपने छोटे भाई बलवंत के साथ रहते थे। राजू पंजाबी की मौत की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुछ लोग उनके किराये के मकान पर पहुंचे। राजू के शव को यहां नहीं लाया गया। जिंदल अस्पताल से सीधे राजस्थान के लिए रवाना कर दिया गया।