अगर आप मोहाली आएं तो सिसवां डैम घूमना न भूलें। चंडीगढ़ की सुखना लेक की तर्ज पर विकसित किया गया मोहाली का सिसवां पर्यटन स्थल (सिसवां नेचर अवेयरनेस कैंप) लोगों के आकर्षण का केंद्र बन चुका है। यहां पर लोगों को हर्बल पार्क, कैंटीन, टेंट हाउस और बोटिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस ड्रीम प्रोजेक्ट का 24 अगस्त, 2021 को तत्कालीन वन मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने औपचारिक रूप से उद्घाटन किया था। अभी यहां पर लोगों के घूमने के लिए ट्रैकिंग ट्रैक, टेंट हाउस, कैंटीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। रात्रि विश्राम के लिए विभाग ने यहां पर अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ प्राकृतिक झोपड़ियां बनाई हैं। यहां पर घूमने आने वाले पर्यटक बुकिंग करवाकर इनमें रुक सकते हैं। जल्द ही इन टेंट हाउस की ऑनलाइन प्लेटफार्म पर भी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पर्यटकों के लिए हैं चार ट्रैकिंग ट्रैक
पर्यटकों की सुविधा के अनुसार घूमने के लिए यहां पर चार ट्रैकिंग ट्रैक बनाए गए हैं। इसमें सबसे छोटा ट्रैक 750 मीटर का है। इसका नाम ‘लाइटर मून’ रखा गया है। दूसरा ट्रैक ‘मून वॉक’ हैजो डेढ़ किलोमीटर लंबा है। तीसरे ट्रैक का नाम ‘नो योर नेचर’ रखा गया है। इसकी लंबाई दो किलोमीटर है। सबसे बड़ा ट्रैक तीन किलोमीटर का है। इसका नाम आत्मनिरीक्षण ट्रैक रखा गया है।
इन चीजों पर है पाबंदी
वन्य जीव को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इस बात को ध्यान में रखते हुए यहां पर कुछ पाबंदियां लगाई गई हैं। इस इलाके में तेज ध्वनि में संगीत बजाना वर्जित है। इसके अलावा यहां पर कोई फायर कैंप भी नहीं किया जा सकता है और नशीले पदार्थों का सेवन करना भी वर्जित है।
जल्द मिलेंगी यह सुविधाएं
वन विभाग के अलावा यहां पर वन्य जीव विभाग की ओर से एक म्यूजियम तैयार किया जा रहा है। इसमें लाइट एंड म्यूजिक शो की सुविधा उपलब्ध होगी। इसमें रंग-बिरंगी लाइट के साथ अलग-अलग प्रकार के पक्षियों की आवाज सुनाई जाएंगी। इसके अलावा वन विभाग की ओर से करीब एक महीने बाद यहां पर हॉपर बैलून (पर्यटकों को लेकर हवा में उड़ने वाला हॉट बैलून) की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जो कि पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसका आनंद लेकर लोग आसमान से नीचे का नजारा ले सकेंगे।