सिटी ब्यूटीफुल में डेंगू की दस्तक हो गई है। डेंगू का इस साल का पहला कंफर्म केस सेक्टर 29 से मिला है। केस की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया विंग मरीज के घर पहुंची। घर का दौरा किया तो पूरा कूलर डेंगू के लारवा से भरा हुआ था।
छत पर भी पानी जमा था। विभाग ने तुरंत कूलर को साफ कराया और आसपास के इलाके में स्प्रे भी कराया। मलेरिया विंग के अधिकारियों ने बताया कि यह केस जीएमसीएच-32 की लैब से आया था। मलेरिया विंग के कार्यकारी अधिकारी डा. अनिल गर्ग ने बताया कि डेंगू के मौसम की शुरुआत हो चुकी है।
अब लोगों को थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है। हालांकि पिछले साल के मुकाबले इस साल डेंगू के केसों में काफी गिरावट है। साल 2013 में 12 सितंबर तक डेंगू के दस केसों की पुष्टि हो चुकी थी, जबकि इस साल अब तक एक ही केस आया है।
उनके मुताबिक पिछले दिनों हुई लगातार बारिश से जगह-जगह पानी इकट्ठा हो गया था। इससे डेंगू के लारवा बनने में मदद मिली। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे छत पर और कूलर में पानी न जमा होने दें।
इस प्रकार बचे डेंगू से
- अपने घरों के आसपास पानी इकट्ठा न होने दें।
- कूलरों का पानी सप्ताह में एक बार अवश्य निकालें।
- घरों की छतों पर बेकार बर्तन, टिन, घड़ा, टूटे हुए गमले और ड्रम न फेंकें।
- छत पर बनी पानी की टंकी के ढक्कन को बंद रखें।
- जमीन के अंदर बनी पानी की हौदी को हर हफ्ते साफ करें और ढक कर रखें।
- घर में रखे गमलों और बोतलों में लगाए गए पौधों के पानी के सप्ताह में एक बार अवश्य बदलें।
- बुखार आने पर तुरंत पास की डिस्पेंसरी या अस्पताल में संपर्क करें।
तेज बुखार और ठंड के साथ डेंगू की शुरुआत
- डेंगू की शुरुआत 1 से 5 दिनों तक तेज बुखार और ठंड के साथ होती है।
- अन्य लक्षण जैसे सिरदर्द, कमर और जोड़ों में दर्द, थकावट और कमजोरी, हल्की खांसी और गले में खराश, उल्टी और शरीर पर लाल-लाल दाने भी दिखाई देते हैं।
- शरीर पर दाने इस बुखार में दो बार भी दिखाई दे सकते हैं। पहली बार शुरू के दो-तीन दिनों में और दूसरी बार छठे या सातवें दिन। इस बुखार का मरीज करीब 15 दिनों में पूरी तरह ठीक होता है।
- यह बुखार बच्चों और बड़ी आयु के लोगों में ज्यादा खतरनाक होता है।
- प्लेटलेट्स की कमी से शरीर में कहीं से भी खून बहना शुरू हो सकता है, जैसे नाक से, दांतों और मसूड़ों से, खून की उल्टी और मल में खून आना आदि।
- इसके साथ मरीज के हाथ-पांव ठंडे हो सकते हैं।