गुरदासपुर के सांसद सनी देओल (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
किसान- मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि भाजपा सांसद सनी देओल पंजाब के किसानों के हिमायती हैं तो सांसद पद से इस्तीफा दे दें। कृषि कानूनों के विरोध में काली दिवाली मनाने की मुहिम शुरू करते हुए पंधेर ने कहा कि किसान मजदूर संघर्ष कमेटी दिल्ली में होने वाली बैठक में हिस्सा नहीं लेगी, क्योंकि इस बैठक में सिर्फ पंजाब के किसान संगठनों को बुलाया गया है। देश के अन्य राज्यों के किसान संगठनों को न बुलाकर केंद्र सरकार किसान सगंठनों में फूट डालना चाहती है।
पंधेर ने कहा कि पांच नवंबर को देशभर के किसानों ने आंदोलन किया था। इसलिए केंद्र देशभर के सभी किसान संगठनों को बुलाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद बैठक लें। इसके अलावा केंद्र सरकार पहले पंजाब में मालगाड़ी चलाए। प्रधानमंत्री कॉरपोरेट घरानों के साथ दिवाली मनाएं, देश के बाकी लोग काली दिवाली मनाएंगे। उन्होंने कहा कि सनी देओल कह रहे हैं कि पंजाब सरकार रेल ट्रैक खाली करवाए, जबकि रेल ट्रैक 21 अक्तूबर से खाली हैं। सनी को केंद्र सरकार से बातचीत कर पंजाब में मालगाड़ियां चलवानी चाहिएं, वे केंद्र की भाषा न बोलें।
केंद्र सरकार बैठक के लिए माहौल पैदा करे : पंधेर
केंद्र सरकार की ओर से कृषि कानूनों के मुद्दे पर बातचीत के लिए प्रदेश के किसान संगठनों को दिए गए न्योते को किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी ने ठुकरा दिया है। कमेटी के अध्यक्ष सतनाम सिंह पन्नू व महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने इसे केंद्र सरकार की किसान संगठनों के बीच फूट डालने की कोशिश बताया है। इससे पहले भी कमेटी ने दो बार केंद्र सरकार का न्योता अस्वीकार कर दिया था। बता दें कि केंद्र सरकार ने किसान संगठनों से बातचीत के लिए 13 नवंबर को बैठक बुलाई है।
पंधेर ने कहा कि बुधवार को कोर कमेटी की बैठक में केंद्र सरकार के साथ बातचीत में शामिल न होने का फैसला किया गया है। पंधेर के अनुसार जब तक केंद्र सरकार पंजाब की बंद की गई आर्थिक नाकेबंदी को नहीं हटाती तब तक उनका संगठन केंद्र सरकार की किसी भी बैठक में शामिल नहीं होगा। किसानों के साथ बैठक से पहले केंद्र सरकार बेहतर माहौल बनाए।