पटियाला से आलू लेकर आए किसान कैलाश कुमार ने बताया कि ट्रक में आलू है और तीन दिन से ट्रक हाईवे पर फंसे हैं, जिससे उन्हें आलू खराब होने का डर सता रहा है। वहीं लुधियाना से आए किसान ललित राज का कहना है कि बुधवार रात से जाम में फंसे हैं। लगातार किसानों के आंदोलन के चलते उनके वाहन आगे नहीं बढ़ रहे हैं, जिससे आलू खराब होने का डर बढ़ गया है। वहीं सेब लेकर जा रहे जावेद अहमद का कहना है कि चार दिन से सेब खराब होने का डर बन गया है।
जीटी रोड पर सेब से भरा ट्रक पलटा
कुंडली बॉर्डर पर जाम के चलते एक सेब से भरा ट्रक राई के पास से वापस मोड़कर जाने लगा तो वह अचानक पलट गया, जिससे सड़क पर सेब बिखर गए। शनिवार सुबह करीब सात बजे ट्रक पलटने से दिल्ली-पानीपत लेन सेब की पेटियां फैल गईं। काफी मशक्कत के बाद उन्हें हटाया गया।
हाईवे जाम होने से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों का रूट डायवर्ट
किसानों के धरना-प्रदर्शन के चलते कुंडली बॉर्डर पर जाम के चलते दिल्ली जाने वाले लोगों को परेशानी से जूझना पड़ा। इसे लेकर सोनीपत के एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने दिल्ली के लिए निकले भारी वाहनों को परेशानी से बचाने के लिए उनका रूट गन्नौर शहर के अंदर से होकर दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दिया है।
वाहनों का रूट डायवर्ट होने के बाद पुलिस ने बैरिकेड लगाकर वाहनों को रोका। इस दौरान कुछ ट्रक चालक तो अपने ट्रक को इस रूट पर जाने की बजाय पानीपत की तरफ वापस ले गए। उनका कहना था कि अगर रात तक जाम खुल जाता है तो वह हाईवे से ही दिल्ली जाना पसंद करेंगे। उनका मानना था कि डायवर्ट किए गए रूट पर परेशानी हो सकती है। वहीं पुलिस ने हरियाणा रोडवेज की बसों व अन्य सवारी वाहनों को पुलिस ने हाईवे से सीधे ही जाने दिया।
होमगार्ड और ट्रक चालक में हुई कहासुनी
रूट डायवर्ट के लिए पुलिस के अलावा होमगार्ड भी तैनात किए गए थे। इस दौरान एक ट्रक चालक की होमगार्ड के साथ कहासुनी भी हो गई। पुलिस की मानें तो ट्रक चालक उसके साथ बदसलूकी कर रहा था और उसकी वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। उसे जब होमगार्ड ने आगे बढ़ने को कहा तो उनमें आपस में कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद होमगार्ड ने ट्रक चालक के साथ हाथापाई भी की। इसके बाद पुलिस ट्रक चालक को जीटी रोड पुलिस चौकी में ले गई।
रूट को इस गांवों से किया डायवर्ट
पुलिस द्वारा दिल्ली जाने वाले ट्रकों के लिए जो रूट बनाया गया है, उसमें गन्नौर जीटी रोड चौक से गन्नौर, गुमड़, भावंर, कैलाना डबल नहर, बड़वासनी, रोहट, खरखौदा होते हुए बवाना दिल्ली पहुंच सकते हैं। वहीं दूसरे रूट में कैलाना नहर से मोई माजरी, कासंडा, खानपुर, गोहाना, खरखौदा या रोहतक होते हुए दिल्ली पहुंचा जा सकता है।