सांसद किरण खेर का दावा है कि दो नए फेज से 40 एमजीडी पानी मिलने का विवाद समाप्त हो गया है। उन्होंने पाइपें बिछाने के लिए जनता से नौ महीने मांगे हैं। दसवें महीने में शहर को पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। उनका कहना है कि पंजाब ने मंजूरी दे दी है।
हरियाणा की ओर से लिखित में मंजूरी का प्रस्ताव चंद दिनों में आने वाला है।40 एमजीडी पानी से शहर में पानी की समस्या दूर हो जाएगी। पंजाब ने 5वें और छठे फेज के लिए पाइप डाल दी है। जबकि चंडीगढ़ को अपने वाटर वर्कस के लिए सिर्फ छह किलोमीटर पाइप बिछानी है।
हरियाणा की मंजूरी के बाद 9 महीने के भीतर पाइप बिछाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। उनका दावा है कि अगली गर्मियों में लोगों को पानी की किल्लत से छुटकारा मिल जाएगा। मंगलवार को सेक्टर-27 स्थित प्रेस क्लब में वित्त राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने पत्रकार वार्ता कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। जिसमें सांसद किरण खेर के अलावा भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन ने भी भाग लिया।
इस मौके पर सांसद ने उन कार्यों की जानकारी दी, जो केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ के लिए किए हैं। उन्होंने बताया कि इस समय 80 एमजीडी पानी मिल रहा है। नए फेज से 40 एमजीडी पानी मिलने से शहरवासियों को 24 घंटे पानी की सुविधा भी शुरू हो जाएगी।
पहले ग्रांट वापस चली जाती थी
पिछले बजट सत्र में केंद्र की ओर से 200 करोड़ कम करने के सवाल पर सांसद किरण खेर ने कहा कि पिछले सालों में तो ऐसा हुआ है कि प्रशासन पूरी राशि नहीं खर्च कर पाया है। जिस कारण ग्रांट वापस केंद्र को चली गई। शहर को पैसे की कमी नहीं होने दी जाएगी। नए सत्र में जो बजट आया है वह सभी राशि प्रोजेक्टों पर खर्च होगी। सभी मदों में पिछले साल के मुकाबले बजट बढ़कर आया है।
मल्टीलेवल पार्किंग भी हमारी उपलब्धि
सेक्टर-17 की निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग के प्रोजेक्ट को भी सांसद किरण खेर ने सरकार की उपलब्धियों में गिनाया। जिसकी लागत 45 करोड़ बताई गई है। जबकि हकीकत यह है कि दो साल पहले इस प्रोजेक्ट का निर्माण कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ था।
उस समय तत्कालीन मेयर सुभाष चावला ने पूर्व प्रशासक शिवराज पाटिल से इसका शिलान्यास कराया था। मल्टीलेवल पार्किंग के प्रोजेक्ट को अपनी उपलब्धि के सवाल पर सांसद किरण खेर ने कहा कि इसका निर्माण भाजपा के कार्यकाल में ही हो रहा है। निर्माण जल्द पूरा होने वाला है। इस पार्किंग में सोलर पावर लाइट्स भी लगाई जा रही है।