राशिद किदवई साथ में राघव चड्ढा।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। लिटराटी लिट फेस्टिवल में लेखक रशीद किदवई और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने बदलते मीडिया परिदृश्य और जनता के मानस पर इसके प्रभाव पर चर्चा की। वहीं, डॉ. सोनिका की किताब फ्रॉम साइडवॉक्स ऑफ लाइफ का विमोचन किया गया।
लेखक रशीद किदवई ने मीडिया और समाज से जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा कि आजकल सोशल मीडिया ने युवाओं को जकड़ लिया है। यह युवाओं की तार्किक क्षमता को खत्म कर रहा है। इस कारण युवा अपने परिवेश और आसपास की सामाजिक परेशानियों को समझने में नाकाम हो रहे हैं। किदवई ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो भी प्रोपगेंडा चलाया जाता है, हम उसके फैलाव और बिना सोच समझे लोगों में नफरत की भावना पैदा करने में भूमिका निभा रहे हैं। राघव चड्ढा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि उनकी आम आदमी पार्टी का सोशल मीडिया ऑर्गेनिक है जबकि अन्य पार्टियों के सोशल मीडिया पर कोई चेक और रेगुलेशन नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्य धारा की मीडिया खासकर टेलीविजन पक्षपाती दिख रहा है। इस कारण लोगों में उनको लेकर नकारात्मकता पैदा हो रही है।
राघव चड्ढा और रशीद किदवई ने मीडिया में झूठी, नकली और निराधार कहानियों के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त की। इस दौरान राजनीतिक पार्टियों की ओर से बढ़ते सोशल मीडिया के उपयोग और लोगों पर उसके प्रभाव को लेकर भी चर्चा की गई। वहीं, मीडिया में कम जानकारी और बढ़ते मनोरंजक कंटेट पर भी चिंता व्यक्त की।