पंजाब चुनाव के लिए आप का चुनावी घोषणा पत्र पार्टी कन्वीनर और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल 3 को रिलीज करेंगे। पंजाब के संगरूर में आम आदमी पार्टी के चुनाव मुहिम प्रभारी एवं सांसद भगवंत मान ने कहा कि पार्टी ने अपना चुनावी घोषणा पत्र के पहले भाग को अरविंद केजरीवाल तीन जुलाई को अमृतसर में रिलीज करेंगे।
वीरवार को संगरूर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भगवंत मान ने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र का पहला भाग युवाओं से संबंधित है। पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र कई भागों में जारी होगा। यह कांग्रेस और शिअद-भाजपा की तरह मौके पर तैयार नहीं किया जाएगा। पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में सिर्फ उन्हीं चीजों को शामिल किया जाएगा जो सवालों के रूप में उनके पास आई हैं जिसपर पार्टी के सीनियर नेता अशीष खेतान और कंवर संधू ने गहनता से पड़ताल की है।
मान ने कहा कि विस चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों का एलान जल्द किया जाएगा। उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक पार्टी के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी हो जाएगी। पहली सूची में बीस के करीब नाम चुने गए हैं।
अब आप कस्बों में करेगी सार्वजनिक रैलियां
संगरूर। सांसद भगवंत मान ने कहा कि विस चुनाव के मद्देनजर पार्टी अपना जन आधार मजबूत करने के लिए राज्य के विधान सभा हलकों के कस्बों में सार्वजनिक रैलियां शुरू करेगी। वह चुनाव मुहिम कमेटी के चेयरमैन होने के नाते रैलियों में शामिल होंगे। इन रैलियों में पार्टी के राष्ट्रीय नेता संजय सिंह भी शिरकत करेंगे।
उन्होंने बताया कि यह रैलियां 26 जून को बंगा, फाजिल्का, मक्खू, निहालसिंहवाला, मानसा, भीखी, मूनक, धनौला आदि कस्बों में की जाएंगी। इस मौके पर आप नेता बचन बेदिल, अभजिंदर संघा, डा. अमन गोसल मौजूद थे।