स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ट्रेनों, ट्रैकों और स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था चौकस रखने के लिए अधिकारियों ने आरपीएफ जवानों का रेस्ट और लीव बंद कर दी है। रेल डिवीजन फिरोजपुर के स्टेशनों पर अलर्ट घोषित कर दिया गया है। संवेदनशील स्टेशन जैसे फिरोजपुर, अमृतसर, पठानकोट और जम्मूतवी पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
आरपीएफ सूत्रों के मुताबिक गृहमंत्रालय की एडवाइजरी को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल के सभी जवानों और अधिकारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं। फिरोजपुर मंडल रेलवे के सभी ए श्रेणी के रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ, जीआरपी द्वारा मिलकर नियमित रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बलों की कार्यप्रणाली का जायजा लेने के लिए गुरूवार को दिल्ली से आरपीएफ डीजी ने मंडल के विभिन्न हिस्सों के रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया।
गृह मंत्रालय से मिले इनपुट के आधार पर आरपीएफ और जीआरपी द्वारा एहतियातन सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। आरपीएफ के जवान सिविल ड्रेस में भी तैनात किए गए हैं और सभी आने-जाने वालों पर निगरानी रखे हुए हैं। हालांकि राहत की बात है कि अभी तक मंडल के किसी भी हिस्से से कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति को नहीं पकड़ा गया है।
रेल डिवीजन फिरोजपुर आरपीएफ के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त एस सुधाकर ने बताया कि गृहमंत्रालय की ओर से एडवाइजरी प्राप्त हुई है, जिसे देखते हुए मंडल के सभी ए श्रेणी के रेलवे स्टेशन जैसे अमृतसर, लुधियाना, जालंधर व जम्मूतवी में जीआरपी के साथ आरपीएफ के जवान व अधिकारी लगातार संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चला रहे हैं, इसके अलावा दूसरे श्रेणी के स्टेशनों पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है। स्वतंत्रता दिवस तक आरपीएफ जवानों की रेस्ट व लीव बंद की हुई है।