कसौली में कोर्ट के आदेश का पालन कराने गई टाउन प्लानर की हत्या कर दी गई, इधर रेस्टोरेंट खाली कराने गए बैलिफ को बंधक बना लिया गया। बंधक बनाए जाने की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और बैलिफ को छुड़वाया गया।
बैलिफ चंडीगढ़ जिला अदालत के आदेश का पालन कराने गया था। पुलिस के मुताबिक, बैलिफ राजीव कुमार बुधवार दोपहर को जिला अदालत के आदेशों पर चंडीगढ़, सेक्टर-26 के एससीओ नंबर-6 के रेस्टोरेंट एबीएस, एबिज को खाली कराने गए थे। यहां मैनेजर समेत अन्य स्टाफ ने उन्हें बंधक बना लिया।
यही नहीं, आरोपी रेस्टोरेंट के मुख्य शटर को अंदर से बंद कर पीछे के रास्ते से फरार हो गए। बैलिफ राजीव ने अपने मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। तुरंत पीसीआर कर्मी मौके पर पहुंचे लेकिन वे भी रेस्टोरेंट में बंद राजीव कुमार को बाहर नहीं निकाल सके। पीसीआर कर्मियों ने सेक्टर-26 थाना पुलिस को सूचना दी।
इस पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसपाल सिंह भुल्लर टीम समेत वहां पहुंचे और रेस्टोरेंट का शटर खुलवा कर बैलिफ को छुड़वाया। राजीव कुमार ने पुलिस को रेस्टोरेंट खाली कराने के अदालती आदेश दिखाए। पुलिस ने रेस्टोरेंट के मैनेजर जतिंदर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है हालांकि उसे गिरफ्तार नहीं किया है।