फिल्म निर्माता निर्देशक करण जौहर की नई फिल्म गोरी तेरे गांव के प्रसिद्ध गीत इंगलिश में कहदें बूटी शूटी पर सिटी ब्यूटीफुल की महिलाओं ने कड़ा ऐतराज व्यक्त किया है।
स्ट्रावेरी फील्ड वर्ल्ड स्कूल की दसवीं की छात्रा अनुकृति साई एवं अन्या ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल कर कहा कि बॉलीवुड के ऐसे गीत महिलाओं की गरिमा पर न केवल सीधा हमला बोल रहे हैं बल्कि महिलाओं के प्रति नकारात्मक सोच का माहौल पैदा कर रहे हैं।
मामले की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस संजय किशन कौल एवं जस्टिस एजी मसीह पर आधारित खंडपीठ ने याचियों को सुझाव दिया कि वह ऐसे मामलों को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन के पास प्रमुखता से उठा सकते हैं। हाईकोर्ट ने अपने सुझाव के साथ याचिका को रद कर दिया।
जनहित याचिका में सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन के अलावा फिल्म निर्माता निर्देशक करण जौहर को भी प्रतिवादी बनाया गया था।
याचियों में छात्रा अनुकृति के अलावा सेक्टर-16 अस्पताल की गाइनोकोलिजस्ट डॉ. भारती सिंघल, सेकरेड हार्ट स्कूल की अध्यापिका अनीता दिवान और डॉ. कविता शर्मा शामिल रहीं।
याचिका में कहा गया कि 22 नवंबर को रिलीज हो रही इस फिल्म में इंगलिश में कहदें बूटी शूटी में एक शब्द टूह का इस्तेमाल हो रहा है, पंजाबी भाषा में इस शब्द की परिभाषा अभद्र है।
याचिका में कहा गया कि बॉलीवुड के लोग ऐसे गीतों का हथियारों के रूप में उपयोग कर रहे हैं, जो महिलाओं की मोडेस्टी पर सीधा हमला है।
उन्होंने इस अभद्र गीत पर रोक लगाने के निर्देश जारी करने का आग्रह हाईकोर्ट से किया था। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद दाखिल जनहित याचिका को रद कर दिया।