पाकिस्तान से दिल्ली जाने वाली सदा-ए-सरहद बस जालंधर-अमृतसर रोड पर सुभानपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
एक कार चालक के सुभानपुर से थोड़ा आगे बेईं के पुल के पास अचानक ब्रेक लगाने से बस के पीछे आ रही कपूरथला पुलिस की एस्कार्ट गाड़ी पीछे से बस से जा टकराई। इससे बस का एसी इंजन खराब हो गया। हादसे में इंस्पेक्टर और दो हेड कांस्टेबल घायल हो गए। उन्हें एसजीएल अस्पताल सुभानपुर में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार सुबह करीब पौने बारह बजे सदा-ए-सरहद बस जालंधर-अमृतसर रोड से दिल्ली की ओर निर्धारित स्पीड से जा रही थी। सुभानपुर से थोड़ा आगे काली बेईं के पुल के पास आगे जा रही एक स्विफ्ट कार के चालक अवतार सिंह पुत्र तीर्थ सिंह निवासी जंडियाला गुरु ने अचानक ब्रेक लगा दी।
बस चालक को भी अचानक ब्रेक लगानी पड़ी। बस के पीछे आ रही कपूरथला पुलिस की गाड़ी के चालक हेड कांस्टेबल बलकार सिंह से ब्रेक नहीं लगी और गाड़ी सीधी सदा-ए-सरहद बस से जा टकराई। इससे बस क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद जीटी रोड पर जाम लग गया।
सुभानपुर पुलिस के एसएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बस के आसपास सुरक्षा घेरा बना लिया। हादसे में इंस्पेक्टर मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल भूपिंदर सिंह, ड्राइवर बलकार सिंह घायल हो गए। उन्हें एसजीएल अस्पताल सुभानपुर में भर्ती कराया गया।
डीएसपी भुलत्थ मुकेश कुमार भी तुरंत मौके पर पहुंचे और बस के एसी इंजन को ठीक करवाकर कपूरथला पुलिस लाइन से एक नई एस्कार्ट गाड़ी को मंगवाकर बस को गंतव्य की ओर रवाना किया। बस में खराबी की वजह से करीब एक घंटा बस सुभानपुर के पास खड़ी रही।
स्विफ्ट कार चालक अवतार सिंह ने बताया कि उनकी बेटी का जालंधर में एग्जाम था और वे जंडियाला गुरु से जालंधर जा रहे थे। सुभानपुर से थोड़ा आगे काली बेईं का पुल तंग होने के कारण पहले से ही तीन-चार वाहन वहां खड़ा थे। उन्होंने भी उनके पीछे अपनी कार खड़ी कर दी। पीछे से आ रही बस ने ओवरटेक नहीं किया। इस वजह से हादसा हो गया।
सुभानपुर थाने में कार चालक से पुलिस पूछताछ कर रही है। हादसे में एस्कार्ट गाड़ी के ड्राइवर बलकार सिंह बाल-बाल बचे। डीएसपी मुकेश ने बताया कि बस के एसी के इंजन को ठीक करवाकर गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है। कार चालक से बातचीत की जा रही है। गलती मिलने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।