मोहल्ला लक्ष्मी नगर में मंगलवार रात करीब 12 बजे एक युवक ने अपने भाई-बहनों को जहरीला बर्गर खिला खुद भी खाकर जान दे दी। इनमें से तीन की सिविल अस्पताल कपूरथला में मौत हो गई। दो ने सिविल अस्पताल जालंधर में दम तोड़ा। वहीं छठे बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है, जो स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती है।
थाना सिटी पुलिस ने जांच के बाद फिलहाल 174 की कार्रवाई की है। लक्ष्मी नगर में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे अभिमन्यु (21) ने अपनी छोटी बहन अनु कुमारी (18), भाई अंशुमान कुमार (15), अनुराग कुमार (10), अर्चना कुमारी (9) के अलावा चचेरे भाई हरी आनंद को बर्गर में जहर डालकर खिला दिया। इसके बाद अभिमन्यु ने खुद भी जहर वाला बर्गर खाकर जान दे दी। घटना के समय अभिमन्यु के पिता राज किशोर ठाकुर किसी शादी समारोह में गए हुए थे। वहीं घर पर उनकी मां और दो बच्चे मौजूद थे। बर्गर खाते ही बच्चे उल्टियां करने लगे। हालत बिगड़ती देखकर उनकी मां गीता देवी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद मोहल्ला निवासी एकत्रित हो गए। वे सभी बच्चों को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल कपूरथला ले गए।
अनु कुमारी, अनुराग कुमार और अर्चना कुमारी ने सिविल अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं अभिमन्यु और अंशुमान को जालंधर रेफर किया गया। उनकी वहां सिविल अस्पताल में मौत हो गई। वही चचेरा भाई हरि आनंद की हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना सिटी के एसएचओ जतिंदरजीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना सिटी पुलिस ने मृतकों के पिता राज किशोर ठाकुर के बयान के आधार पर फिलहाल 174 की कार्रवाई की है।