शिवरात्रि के मद्देनजर कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने हरिद्वार-सोनीपत हाईवे पर भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया है। मंगलवार को हरिद्वार मार्ग पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया और बहालगढ़ चौक पर ही वाहनों को रोक लिया गया। पुलिस ने इन ट्रकों को लोनी के रास्ते गाजियाबाद होकर मेरठ में प्रवेश करने को कहा है।
इधर, पुलिस प्रशासन ने बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए बिना उद्घाटन के ही बहालगढ़ फ्लाईओवर को यातायात के लिए खोल दिया। इसका यह लाभ होगा कि मेरठ से सोनीपत को क्रास करने वाले कावडियों की वजह से सड़क पर जाम नहीं लगेगा और चंडीगढ-दिल्ली जाने वाले वाहन सीधे आसानी से निकल सकेंगे। हालांकि ये फ्लाईओवर इसी माह के अंत तक शुरू होना था। लेकिन तय समय से पहले ही प्रशासन ने इसे यातायात के लिए खोल दिया।
गौरतलब है कि हरिद्वार से बड़ौत-बागपत के रास्ते लाखों की संख्या में कांवड़िए सोनीपत की सीमा में प्रवेश करते हैं। लगातार बढ़ती कांवड़ियों की संख्या के मद्देनजर प्रशासन ने मंगलवार से ही मेरठ-सोनीपत हाइवे पर भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया है। मंगलवार सुबह पुलिस बल ने बहालगढ़ चौक पर भारी वाहनों को रोक दिया और उन्हें हाईवे के किनारे कतारबद्ध करा दिया। ये भारी वाहन नो एंट्री खुलने के बाद लोनी के रास्ते गाजियाबाद होते मेरठ पहुंचेंगे। ताकि इससे कांवड़ यात्रा प्रभावित ना हो। प्रशासन के इस फैसले के चलते दिनभर हाइवे पर ट्रकों की लाइन लगी रही।