चंडीगढ़। यूटी में कनक खरीद का आंकड़ा एक लाख क्विंटल के पार पहुंच गया है। कनक खरीद के तय किए गए आंकड़े से अभी दूर होने के कारण यूटी में कनक की खरीद अभी जारी रखी जाएगी। वर्ष 2019 में यूटी के द्वारा 2.48 लाख क्विंटल कनक की खरीद की गई थी। इस बार कोरोना वायरस और खराब मौसम से फसल को हुए नुकसान को देखते हुए कनक की खरीद के लिए 1.50 लाख क्विंटल की खरीद तय की गई है।
बता दें, कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए इस बार कनक की खरीद सेक्टर-26 के बजाय निर्माणाधीन ग्रेन मार्केट सेक्टर-39 में की गई। अप्रैल के पहले सप्ताह में यूटी में कनक खरीद का कार्य प्रारंभ हुआ था। अभी तक पंजाब के किसानों का यूटी के अंतर्गत एक लाख 11 हजार क्विंटल कनक खरीदी जा चुकी है। यूटी में कनक खरीद का 1.5 लाख कुंतल का लक्ष्य रखा गया है। इसलिए मार्केट कमेटी के अनुसार यूटी में अभी कनक की खरीद जारी रहेगी। मार्केट कमेटी के सचिव जरनैल सिंह मावी ने बताया कि मई अंत तक कनक खरीद का निर्धारित लक्ष्य पा लिया जाएगा।
सेक्टर-26 मंडी में रिपयेर का काम शुरू
बापूधाम में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए यूटी प्रशासन की ओर से आईएसबीटी 17 में अस्थायी सब्जी मंडी शिफ्ट की है। सेक्टर-26 में सिर्फ ग्रेन मार्केट ही संचालित की जा रही है। खाली पड़ी मंडी में नगर निगम की ओर से रिपेयर का काम शुरू करवा दिया गया है। नगर निगम कमिश्नर ने बताया कि काफी दिनों से मंडी में निर्माण कार्य नहीं हो पाए थे, जिसके कारण कई भवन क्षतिग्रस्त हो गए थे, इसको देखते हुए अब मंडी में जरूरी निर्माण कार्य और रिपेयर का काम किया जा रहा है।