हरियाणा कांग्रेस प्रभारी कमलनाथ के कांग्रेस नेताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाकर जाते ही पार्टी में कलह तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी हुड्डा खेमे के निशाने पर आ गई हैं। मामला हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को किरण चौधरी की ओर से ईमानदार बताए जाने का है। हुड्डा समर्थक दो विधायकों ने तो किरण चौधरी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग भी कर डाली है।
किरण चौधरी ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को ईमानदार व्यक्ति बताया था। किरण ने मुख्यमंत्री की तारीफ करने के साथ-साथ सरकारी सिस्टम के भ्रष्ट होने का भी दावा किया था, लेकिन उनका पहला बयान मीडिया में चर्चित हो गया, जिसे कांग्रेस विधायकों ने मुददा बना लिया है।
किरण चौधरी के इस बयान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुद सामने नहीं आए, लेकिन उनके खेमे से ताल्लुक रखने वाले विधायकों ने किरण के खिलाफ मोर्चा खेाल दिया है। विधायक कुलदीप शर्मा और करण दलाल ने किरण चौधरी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई तक की मांग कर डाली है।
हुड्डा खेमे के विधायक इस बात को लेकर नाराज हैं कि भाजपा कांग्रेस पर लगातार हमले बोल रही है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की जांच खोल दी है और गांधी परिवार को भी निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे में विधायक दल की नेता मुख्यमंत्री को ईमानदार बताकर पार्टी लाइन से हटकर बात कर रही हैं। पार्टी नेताओं का तर्क है कि किरण चौधरी के इन बयानों से विपक्ष का मनोबल बढ़ता है।
बधाई देता हूं मेरे बारे में कुछ नहीं कहा : खट्टर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस में छिड़े वाकयुद्ध पर चुटकी लेते हुए कहा कि बधाई देता हूं मेरे बारे में कुछ नहीं कहा, वे आपस में घमासान करते रहें।