डॉ. बीआर अंबेडकर 6वां कबड्डी विश्वकप -2016 के चौथे दिन के मुकाबले रविवार को भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से थोड़ी दूरी स्थित गांव रणीके के शहीद जत्थेदार दलबीर सिंह रणीके स्टेडियम में हुए।
गांव रणीके को पहली बार विश्व कप के मैचों की मेजबानी का अवसर मिला। आज हुए चार मुकाबलों में दो मैच पुरुष एवं दो महिला वर्ग के खेले गए। आज के मुकाबलों की शुरूआत कैबिनेट मंत्री गुलजार सिंह रणीके ने की।
रणीके चारों मैचों के दौरान उपस्थित रहे और विदेशों से आई टीमों के खिलाड़ियों का रणिके में पहली बार विश्वकप खेलने आने पर स्वागत किया। पुरुष वर्ग के पहले मैच में ईरान ने आस्ट्रेलिया को 57 -31 से हराकर दूसरी जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ ईरान ने पूल बी में अपना शिखर का स्थान कायम रखा। आधे समय तक ईरान की टीम 28-16 से आगे थी। ईरान के खिलाड़ियों ने पूरे मैच में दबदबा बनाकर रखा। पहलवानी आकर्षण वाले ईरानी खिलाड़ियों की जोरदार खेल का दर्शकों ने खूब आनंद लिया।