कुरुक्षेत्र के सेक्टर चार स्थित डीएसपी सुरेंद्र का घर। डीएसपी सुरेंद्र सिंह मांजू का फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह में अवैध खनन रोकने गए तावडू के डीएसपी सुरेंद्र सिंह की हत्या की न्यायिक जांच की रिपोर्ट मंगलवार को विधानसभा में पेश की गई। हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज एलएन मित्तल की अध्यक्षता में गठित आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक डीएसपी सुरेंद्र सिंह की हत्या के लिए कोई मनगढ़ंत कहानी नहीं बनाई गई है। आयोग ने बताया है कि घटना के वक्त किसी भी पुलिस अधिकारी पास कोई हथियार नहीं था। इसीलिए घटना के बाद भी पुलिसकर्मी डंपर व बाइक सवारों को नहीं पकड़ सके।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक 19 जुलाई 2022 को पत्थरों से भरे डंपर को देख डीएसपी ने पुलिस पार्टी के साथ उनका पीछा किया। पुलिस को देख डंपर चालक ने आगे से पत्थर उतारना शुरू कर दिया। इससे पुलिस को अपनी गाड़ी रोकनी पड़ी और डंपर के सामने दौड़कर उसे रोकने का प्रयास किया। इस पर डंपर में बैठे लोगों ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे किनारे हो जाएं, अन्यथा वे गोली मार देंगे।