जेपी आत्रेय क्रिकेट टूर्नामेंट का मैच
- फोटो : अमर उजाला
इरफान पठान के ऑल राउंडर प्रदर्शन की बदौलत बड़ौदा ने पंजाब कोल्ट्स को हराकर जेपी अत्रे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई। विजेता टीम से इरफान पठान ने गेंदबाजी करते हुए दो विकेट लिए और उसके बाद बल्लेबाजी में हाथ खोलते हुए 67 रन की शानदार पारी भी खेली। वह मैन ऑफ द मैच चुने गए। दोनो टीमों के बीच यह मैच जीएमएसएसएस 26 में खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब को 6 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा और उसके बाद 20 रन के स्कोर पर दूसरा विकेट भी गिर गया। तरुवर कोहली ने आकर एक छोर संभाला और रन बनाने शुरू किए। उनका साथ दे रहे शरद लुंबा भी 18 रन के स्कोर तक ही पहुंच सके। नवनीत सिंह विर्क और तरुवर कोहली ने चौथे विकेट के लिए 82 रन जोड़े। नवनीत सिंह 50 रन के स्कोर पर लौट गए।
तरुवर कोहली 94 के स्कोर पर अपनी विकेट गंवा बैठे। निखिल चौधरी ने तेजी से रन बनाए और उनके नाबाद 54 रन की बदौलत टीम ने 50 ओवरों में सात विकेट पर 266 रन बना दिए। बड़ौदा की ओर से इरफान पठान और अभिजीत ने दो दो विकेट चटकाए। वहीं विजय और स्वप्निल ने एक एक विकेट हासिल किया। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी बड़ौदा की टीम ने 49.3ओवर मे 8 विकेट पर 269 रन बनाकर मैच को जीत लिया।
बड़ौदा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने 21 रन के स्कोर पर पहला विकेट खो दिया। इसके बाद 150 रन के स्कोर तक पहुंचते टीम अपने 6 विकेट खो चुकी थी। तब इरफान पठान और स्वप्निल ने संभलकर बल्लेबाजी की और 108 रनों की साझेदारी करते हुए अपनी टीम को जीत के पास पहुंचा दिया। पठान ने तेजी से खेलते हुए 42 गेंदों पर 67 रन की पारी खेली।
वहीं स्वप्निल ने 36 गेंदों पर 45 रनों की महत्तपूर्ण पारी खेली। वहीं टीम से आदित्य ने 43, धीरेन ने 30 और विष्णु ने 33 रन बनाए। गेंदबाजी में पंजाब की ओर से विनय चौधरी ने 2 और सुबेक गिल ने 2 विकेट चटकाए। जबकि करन कालिया, सनवीर सिंह और शरद लुंबा ने एक एक विकेट हासिल किया।