चंडीगढ़। ध्रुव शर्मा की शतकीय पारी की बदौलत सेक्टर-26 स्थित जीएमएसएस स्कूल में बलरामजी दास टंडन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में जम्मू एंड कश्मीर ने मेजबान चंडीगढ़ के खिलाफ पहले दिन 268 रन बना लिए हैं। टीम से ध्रुव शर्मा ने 105 रनों की पारी खेली। जैद मुफ्ती ने 47 रन बनाए।
गेंदबाजी में चंडीगढ़ की ओर से श्रेष्ठ दुग्गल ने 62 रन देकर चार विकेट और गगनप्रीत ने 80 रन देकर तीन विकेट चटकाए। इसके बाद खेलने उतरी चंडीगढ़ की शुरुआत निराशाजनक हुई। सलामी बल्लेबाज रेयान सिंह और ईहत सलारिया शून्य पर आउट हुए। दिन का खेल खत्म होने तक चंडीगढ़ तीन विकेट के नुकसान पर 37 रन जुटा चुका था। वहीं, आईटी पार्क स्थित महाजन क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मैच में दिल्ली ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 279 रन जुटाए। टीम की ओर से रौनक वघेला (98) रन और संभव शर्मा (53) रन बनाए। गेंदबाजी में हिमाचल की ओर से अरमान विज 98 रन देकर छह विकेट चटकाए। दिन का खेल खत्म होने तक हिमाचल प्रदेश बिना किसी नुकसान के 15 रन बना चुका था।