नौ जेल अधीक्षकों के तबादला एवं नियुक्ति आदेश दिए
- फोटो : file photo
हरियाणा सरकार ने जेल विभाग के 9 जिला जेल अधीक्षकों के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। इनमें जींद जिला के जेल अधीक्षक आत्म राम बिश्नोई भी शामिल हैं, उन्हें यमुनानगर का जेल अधीक्षक लगाया गया है। आत्मा राम को होली पर जींद जेल में हुए अश्लील नृत्य के मामले में सरकार ने दोषी माना था। आईजी जेल और जींद केडीसी की जांच रिपोर्ट के अधार पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश भी की गई थी। नृत्य का वीडियो वायरल होने पर सरकार ने जांच केआदेश दिए थे।
जांच रिपोर्ट में पाया गया था कि डांस उनकी मौजूदगी और जानकारी में हुआ। इसके अलावा सरकार ने जिला जेल नारनौल के अधीक्षक संजय सिंह को जिला जेल पानीपत का अधीक्षक नियुक्त किया है। जिला जेल पानीपत के अधीक्षक कुलबीर सिंह जिला जेल नारनौल के अधीक्षक लगाए गए हैं। जिला जेल झज्जर के अधीक्षक सुनील सांगवान को जिला जेल रोहतक का अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
जिला जेल रोहतक के अधीक्षक दयानंद जिला जेल झज्जर के अधीक्षक होंगे। जिला जेल यमुनानगर के अधीक्षक रतन सिंह को जिला जेल गुरुग्राम का अधीक्षक नियुक्त किया गया है। जिला जेल गुरुग्राम के अधीक्षक हरिंदर सिंह जिला जेल जींद के अधीक्षक लगाए गए हैं। जिला जेल पलवल के अधीक्षक अनिल कुमार जिला जेल फरीदाबाद, जिला जेल फरीदाबाद के अधीक्षक दीपक शर्मा जिला जेल पलवल के अधीक्षक होंगे।