हरियाणा में जाटों समेत छह जातियों को आरक्षण दिए जाने पर अंतरिम रोक लगाए जाने के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंची हरियाणा सरकार। दरअसल हरियाणा में जाटों समेत छह जातियों को नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में आरक्षण दिए जाने पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से अंतरिम रोक लगा दिए जाने के खिलाफ मंगलवार को हरियाणा सरकार ने अपील दाखिल कर रोक हटाने का आग्रह किया है।
सरकार की इस अपील पर एक-दो दिन में सुनवाई होने की उम्मीद है। हाईकोर्ट ने बीते 26 मई को जाट, बिश्नोई, जट सिख, रोड़ और त्यागी जातियों को विशेष पिछड़ा वर्ग के रूप में सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में 10 फीसदी आरक्षण दिए जाने के सरकार के फैसले पर रोक लगाते हुए मामले की अगली सुनवाई 21 जुलाई तय कर दी थी।
हरियाणा सरकार की ओर से दायर अपील में कहा गया है कि सरकार ने हरियाणा बैकवर्ड क्लासेस (रिजर्वेशन इन सर्विसेस एंड एडमिशन इन एजुकेशनल इंस्टीट्यूटशंस) एक्ट-2016 पारित कर सेक्शन 3 और 4 के तहत पिछड़े वर्ग के सदस्यों को आरक्षण की सुविधा प्रदान की है।
शेड्यूल 3 (सेक्शन 3 व 4 के संदर्भ सहित) के अंतर्गत ‘बैकवर्ड क्लास ब्लाक सी’ जिसमें जाट, जाट सिख, रोड़, बिश्नोई, त्यागी और मुल्ला जाट/मुस्लिम जाट आते हैं, को नौकरियों में क्लास 3 और 4 के पदों पर 10 फीसदी और क्लास एक व दो के पदों पर 6 फीसदी आरक्षण दिया है, लेकिन शैक्षणिक संस्थानों में सभी को 10 फीसदी आरक्षण दिया गया है।
सरकार ने कहा, अंतरिम रोक का भरती प्रक्रिया पर विपरीत असर होगा
सीएम मनोहर लाल खट्टर
- फोटो : फाइल फोटो
अपील में कहा गया है कि हरियाणा लोक सेवा आयोग और हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन की ओर से विभिन पदों पर भरती के लिए प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ने विभिन्न विभागों में करीब 41735 पदों पर भरती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है और इन पदों को लिए पिछड़ा वर्ग श्रेणी में भारी संख्या में आवेदन पहुंच चुके हैं। हाईकोर्ट की ओर से लगाई गई अंतरिम रोक का भरती प्रक्रिया पर विपरीत असर होगा।
इसके साथ ही, सरकार ने अपनी अपील में यह भी कहा है कि शैक्षणिक सत्र 2016-17 के लिए अंडर ग्रेजुएट/पोस्ट ग्रेजुएट स्तर के विभिन्न कोर्सों के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसमें पिछड़ा वर्ग के लिए लगभग 21729 उम्मीदवारों ने आवेदन दिए हैं।
इसके अलावा नए शैक्षणिक सत्र में विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सों- एमबीबीएस, बीडीएस, एमएएमएस, बीएचएमएस, एमडीएमएस के लिए भी दाखिला शुरू हो रहा है। तकनीकी कोर्सों- डिप्लोमा इंजीनियरिंग, डिप्लोमा फार्मेसी, बी. आर्किटेक्ट, बीई/बी. टेक, एमबीए और एमसीए भी शुरू हो रहे हैं। डिप्लोमा इंजीनियरिंग के लिए काउंसिलिंग 9 जून, 2016 को है। सरकार ने स्टे हटाने की मांग करते हुए कहा है कि आरक्षण पर स्टे जारी रहने के कारण उक्त सभी भरतियां व दाखिले रुके रहेंगे।