रेवाड़ी में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के लिए तैनात किये गए एसपीओ को ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर बर्खास्त कर दिया गया है। इन एसपीओ पर गणतंत्र दिवस और संभावित जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान दी गई ड्यूटी में कौताही बरतने के आरोप हैं। उधर कैथल में हत्या के एक मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर गुहला के एसएचओ को लाइन हाजिर किया गया है।
रेवाड़ी पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गणतंत्र दिवस पर एसपीओ रविन्द्र, प्रदीप, सुरेंद्र व प्रदीप की और जाट आंदोलन को लेकर 28 जनवरी को एसपीओ प्रदीप, राजीव, भंवर सिंह, पृथ्वी सिंह, टेकचंद व शैलेंद्र की राव अभय सिंह की ड्यूटी लगाई हुई थी। निरीक्षण में ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर एसपी संगीता कालिया ने सभी को बर्खास्त कर दिया है। कालिया ने ड्यूटी में कौताही बरतने वाले एसपीओ को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने लगाया जाम, एसएचओ पर गिरी गाज
ग्रामीणों ने लगाया जाम, एसएचओ पर गिरी गाज
ग्रामीणों ने लगाया जाम, एसएचओ पर गिरी गाज
कैथल के चीका में बाबा बस्ती निवासी युवक सिकंदर की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शनिवार को ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर पांच घंटे तक जाम लगा दिया। एसपी की ओर से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देने व एसएचओ गुहला मुनीश कुमार को लाइन हाजिर करने के बाद लोगों ने जाम खोला। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
उधर, चरखी दादरी के हुडा सेक्टर-8 में जाट आरक्षण संघर्ष समिति का धरना सातवें दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे लोग प्रशासन से माइक लगाने की अनुमति मांगते नजर आए। धरने में महिलाएं भी स्वयं ट्रैक्टर चलाकर आती नजर आईं। आंदोलनकारियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर प्रशासन ने भी सीआरपीएफ की कंपनी तैनात की है। शनिवार को बाढ़डा से भाजपा विधायक सुखविंद्र मांढ़ी ने धरनास्थल पर पहुंचकर समर्थन का एलान किया। उधर आरक्षण संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष राजकुमार हड़ौदी ने कहा कि पंवार खाप के उपप्रधान ने भी धरने को समर्थन दिया है।
धरनास्थल पर शुक्रवार को चिड़िया के पूर्व सरपंच बलबीर सिंह की पत्नी कृष्णा महिलाओं और पुरुषों को ट्रैक्टर में बैठाकर लायीं। गांव चरखी के पूर्व सरपंच और कन्नी प्रधान मास्टर ताराचंद ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने हरियाणवी लहजे मे कहा कि ‘ज्य थम यूं ए चाल्ले गै तो नैय्या पार स्य, कोई रोकणिया कोन्या।’ एसडीएम बिजेंद्र हुड्डा और डीएसपी सुरेश हुड्डा सातवें दिन भी पूरे दल-बल के साथ मोर्चे पर तैनात रहे। रविवार को धरनास्थल पर खीर का भंडारा लगाने के साथ ही रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।