जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर दो गुटों में बंटे जाट समुदाय के नेताओं की फूट अब खुलकर सामने आ गई है। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक पर हिसार में हवासिंह सांगवान गुट के जिला प्रधान दलजीत पंघाल ने केस दर्ज करवा दिया है। पंघाल का आरोप है कि यशपाल मलिक ने शनिवार शाम सात बजकर 51 मिनट पर फोन कर कहा कि क्यों धरने को कमजोर कर रहे हो। हिसार से बाहर निकले तो जान से मार दूंगा। सिविल लाइन थाने में दी गई पंघाल की शिकायत पर पुलिस ने मलिक के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
शिकायत में पंघाल ने लिखा है कि यशपाल मलिक ने फोन करके कहा कि करनाल व यमुनानगर जाने की क्या जरूरत थी। हमारे धरने क्यों कमजोर कर रहे हो। पंघाल, हिसार में ही रहा करो अगर हिसार से बाहर निकले तो ठीक नहीं रहेगा। पंघाल का कहना है कि करीब दो मिनट की बातचीत के दौरान यशपाल मलिक ने धमकी दी। इसके बाद मलिक ने फोन काट दिया। पंघाल का कहना है कि वह तो एक मई से हिसार से बाहर भी नहीं गए। इस तरह फोन पर धमकी क्यों दी जा रही है समझ में नहीं आ रहा।
उल्लेखनीय है कि यशपाल मलिक पर पहले ही जींद में भड़काऊ भाषण देने के मामले में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज है।
अश्विन शैणवी, एसपी हिसार ने बताया कि यशपाल मलिक के खिलाफ दलजीत पंघाल की शिकायत पर आईपीसी की धारा 506 व आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
दलजीत पंघाल, जिला प्रधान (अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति, सांगवान गुट) ने कहा मेरे पास यशपाल मलिक का फोन आया था। मुझे जान से मारने की धमकी दी है और कहा है कि हिसार में रहा कर नहीं तेरे लिए अच्छा नहीं होगा। मैंने कहा तुम यूपी से निकलकर यहां आ जाते हो मैं क्यों न हिसार से बाहर निकलूं।
यशपाल मलिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने बताया कि पंघाल लोगों को उकसा रहा था। मुझे रिपोर्ट मिली थी कि वह रेलवे ट्रैक पर बैठाने व दंगा करवाने के लिए लोगों को भड़का रहा था। मैंने पंघाल से रिक्वेस्ट की थी कि वह ऐसा न करे। समाज में माहौल खराब हो जाएगा। मेरे पास गवाह हैं वो हिसार के ही हैं जिन्हें उसने उकसाने की कोशिश की। हम प्रशासन के सामने उनके नाम भी उजागर कर देंगे। मेरे ऊपर लगाए गए सारे आरोप निराधार हैं।