आरक्षण की मांग को लेकर जारी जाट आंदोलन के बाद विमानन कंपनियों ने उड़ानों की संख्या बढ़ा दी हैं। सोमवार को उड़ानों की संख्या बढ़कर सात हो गई।
वहीं इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कुछ दिनों के लिए 24 घंटे फ्लाइट के संचालन की अनुमति मिल गई है। चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच हवाई संपर्क बढ़ाया जा रहा है। विमानन कंपनियां अधिक किराया वसूल कर अतिरिक्त उड़ानों का संचालन कर रही हैं।
विमानन कंपनी गो एयर सुबह 11.30 बजे चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच विशेष फ्लाइट ऑपरेट कर रहा है। वहीं इंडिगो रात 10.30 बजे विशेष उड़ान की सुविधा दे रही है। यह फ्लाइट मंगलवार रात को भी ऑपरेट होगी। एयर इंडिया 182 सीटर फ्लाइट को दोपहर एक बजे ऑपरेट कर रहा है।
वहीं एयर इंडिया डेढ़ बजे एक विशेष उड़ान की सुविधा भी उपलब्ध करा रहा है। गो एयर की ओर से दो स्पेशल उड़ाने शुरू की गई हैं। इस विमानन कंपनी की टिकट सोमवार को 14,495 रुपये थी, जो 23 फरवरी को 24,583 रुपये में मिलेगी।
इसके अलावा स्पाइस जेट की ओर से भी दो विशेष उड़ानें संचालित की गई हैं। इसका किराया 15044 रुपये हैं। वहीं इंडिगो की ओर से रात 11.45 बजे दिल्ली के लिए फ्लाइट का संचालन किया गया है। इसका किराया भी 15 हजार के पास है।