हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सलाहकार रहे प्रो. वीरेंद्र सिंह के वायरल हुए आडियो से कांग्रेस की मुश्किल बढ़ गई है। पार्टी ने सोमवार को भाजपा के शब्दबाणों से घिरते ही प्रो. वीरेंद्र को इस मामले में नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के कह दिया। उधर, जाट आंदोलन से निपटने में व्यस्त प्रदेश भाजपा सरकार ने भी प्रो. वीरेंद्र सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का संकेत दिया है।
रविवार देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हुए प्रो. विरेन्द्र सिंह के आडियो क्लिप में उन्हें सिरसा में भी इनसो व इनेलो के वर्करों की मदद से 'कुछ' करने की बात कहते हुए सुना जा रहा है।
हालांकि प्रो. वीरेंद्र ने इस आडियो क्लिप को अधूरा बताते हुए इसे सच्चाई से परे करार दिया वहीं कांग्रेस ने अपनी स्थिति साफ करने का प्रयास करते हुए आरोप लगाया कि यह आडियो ऐसे वक्त जारी किया गया है, जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा दिल्ली में जंतर-मंतर पर शांति बहाली के लिए बैठे हैं।
कांग्रेस ने प्रदेश सरकार से मांग की कि आडियो किस तारीख का है और पूरा आडियो क्या है? सरकार इसकी जानकारी दे। कांग्रेस ने कहा कि काटछांट कर आडियो जारी करने से कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है। पूरा आडियो व समय की सच्चाई सामने आते ही सरकार की पोल खुल जाएगी। इस बयान के कुछ देर बाद ही कांग्रेस ने प्रो. वीरेंद्र सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया।
सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया, कड़ा एक्शन ले सकती है
इधर, सरकार ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सोमवार को जब कैबिनेट मंत्री रामबिलास शर्मा से इस बारे में सरकार के रुख की जानकारी मांगी गई तो उन्होंने कहा कि वह खुद भी आडियो क्लिप सुन चुके हैं और मामला बिल्कुल साफ है।
उन्होंने कहा कि आडियो क्लिप की जांच करवाई जाएगी और पूरे मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। इस बीच, इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला ने भी प्रो. वीरेंद्र सिंह के आडियो क्लिप मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि ऑडियो क्लिप से साफ हो गया कि शांतिपूर्वक धरना देने वालों को उकसाने की कोशिश की गई। चौटाला ने सरकार से मांग की कि सरकार ऑडियो क्लिप की जांच करवाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
कड़ा एक्शन ले सकती है सरकार: अनिल विज
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने पूर्व सीएम भुपेंद्र सिंह हुड्डा के सलाहकार प्रो. वीरेंद्र सिंह के ऑडियो क्लिप पर कहा है कि प्रदेश सरकार को अचानक उग्र हुए जाट आंदोलन के पीछे किसी 'डायरेक्टर' के होने का पहले ही अंदेशा था, जिसे इस आडियो क्लिप ने साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के नाम पर जो उत्पात प्रदेश में मचाया गया है, सरकार अब उस पर सख्त कदम उठाने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस ऑडियो क्लिप की गहन जांच करवाई जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।