चंडीगढ़। कोरोना महामारी की वजह से इस बार सीनियर सिटीजंस अपने-अपने घरों पर ही जन्माष्टमी का उत्सव मनाने के लिए मजबूर हैं। हर साल सीनियर सिटीजंस सेक्टर 43 में सिटीजंस होम में बडे़ उत्साह से जन्माष्टमी का उत्सव मनाते थे।
इस मौके पर भजन संध्या और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता था। यह प्रोग्राम दो से तीन घंटे तक चलता था। सेक्टर 15 में रहने वाली प्रोमिला ने बताया कि इस बार जन्माष्टमी कोरोना के चलते एक साथ मिलकर नहीं मना सकेंगे। इस बार अपने घर पर ही इस त्योहार को मना रहे हैं। इससे पहले हम सब लोग कई साल से एक साथ मिलकर जन्माष्टमी का उत्सव मनाते थे।
सेक्टर 20 के रहने वाले एसपी मल्होत्रा ने बताया कि जिस सेक्टर में वह रहते हैं वहां पर जन्माष्टमी का उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाता रहा है, लेकिन इस बार सेक्टर में रौनक कम नजर आ रही है। हम सीनियर सिटीजंस को घर से बाहर निकलने की मनाही है। यह सेहत के मद्देनजर ठीक भी है। इस बार घर पर ही पाठ-पूजा करके इस त्योहार को मना रहे हैं। सीनियर सिटीजंस एसोसिएशन के प्रधान आईपी पुरी ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते इस बार जन्माष्टमी का त्योहार और 15 अगस्त हम घर पर ही मनाएंगे। एसोसिएशन का प्रधान होने के नाते मैंने जन्माष्टमी की बधाई सभी सदस्यों को व्हाट्सएप के जरिए भेजी है।