हरियाणा के मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन के पास जम्मूतवी से दिल्ली जा रही शालीमार एक्सप्रेस के इंजन में शुक्रवार सुबह आग लग गई। चालक ने तीन किलोमीटर दूर रेलवे फाटक पर ट्रेन को रोककर तुरंत इंजन से पीछे तीन डिब्बों को खाली करवाया।
फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों के मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया गया। इससे अंबाला-यमुनानगर रेलवे लाइन पर करीब एक घंटे तक ट्रेनों की आवाजाही बंद रही और करीब आधा दर्जन ट्रेनें लेट हुईं।
सुबह पौने छह बजे जम्मूतवी से दिल्ली जाने वाली शालीमार ट्रेन ने जैसे ही मुस्तफाबाद का स्टेशन क्रास किया, उसके इंजन से धुआं निकलना शुरू हो गया। चालक राजेश ने इंजन का तेल बंद कर दिया और ट्रेन को करीब तीन किलोमीटर दूर स्यालबा गांव के रेलवे फाटक तक ले गए।