गांव राईयांपुर में सामान उठाने आए फाइनेंसर के आदमियों ने लोगों को डराने के लिए गोलियां चला दीं। इससे पास खड़े एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। युवक की पहचान रोशन पुत्र महिंदर पाल सिंह निवासी राईयांपुर थाना सुभानपुर जिला कपूरथला के रूप में हुई है।
मृतक के पिता महिंदर पाल ने बताया कि भोगपुर के साथ लगते गांव बहराम की रहने वाली लड़की की शादी गांव राईयांपुर में रहने वाले सतविंदर के साथ हुई थी। लड़की के घरवालों ने भोगपुर के किसी फाइनेंसर से पैसे लेकर सामान खरीदा था।
फाइनेंसर के पैसे वापस न लौटाने पर फाइनेंसर के कुछ आदमी राईयांपुर निवासी सतविंद्र के घर सामान उठवाने के लिए आए थे। मौके पर जमा हुए ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और सामान उठवाने से मना कर दिया।
उन्होंने बताया कि इस बात पर भड़के फाइनेंसर के आदमियों ने गोलियां चला दी जो पास खड़े रोशन को लग गई। इस दौरान फाइनेंसर के आदमियों का कई ग्रामीणों के साथ झगड़ा भी हो गया। इसमें कई लोग घायल हो गए।
गोली लगने से घायल हुए रोशन को इलाज के लिए कपूरथला स्थित एसजीएल अस्पताल और जालंधर के मकसूदां स्थित सीक्रेट हार्ट अस्पताल लेकर जाया गया लेकिन दोनों अस्पतालों ने इलाज से मना कर दिया।
आखिर में सिविल अस्पताल लेकर आने से पहले ही रोशन की मौत हो गई थी। थाना सुभानपुर के एसएचओ परमिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच करने के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।