जालंधर के फिल्लौर के गांव मंसूरपुर में बेअदबी की घटना से आसपास के इलाकों में जबरदस्त रोष पैदा हो गया है। बेअदबी अराजक तत्वों ने गांव मंसूरपुर स्थित गुरु सिंह सभा गुरुघर के भीतर घुसकर की है। अराजक तत्वों ने गुरुघर में घुसकर जहां गल्ला तोड़ कर पैसे लूटने की कोशिश की।
वहीं पर श्री गुरुग्रंथ साहिब का जहां पर प्रकाश होता है उस स्थान के पास तंबाकू खाकर थूका भी है। एक आरोपी को पुलिस ने काबू कर लिया है लेकिन दूसरा आरोपी देर शाम तक गुरुघर में कमरे में बंद कर रखा हुआ था।
मिली जानकारी के मुताबिक गांव के गुरुद्वारा में दो व्यक्ति सुबह पांच बजे घुस गए थे। जब दोनों गुरुघर में तोड़फोड़ रहे थे तो ऊपर से गुरुघर का ग्रंथी भी पहुंच गया। लेकिन दोनों लुटेरे इतने बेखौफ थे कि एक ने अपने हाथ में कुछ उठाया और ग्रंथी की तरफ दे मारा।
ग्रंथी ने अपने बचाव किया और गुरुद्वारा से बाहर निकल गया। इसके बाद दोनों लुटेरे भागने लगे तो एक को ग्रंथी ने दबोच लिया। ग्रंथी के शोर मचाने पर दूसरे भाग रहे लुटेरे का ग्रामीणों ने पीछा किया और उसे भी पकड़ लिया। उसे पुलिस को सौंप दिया गया है, जबकि एक आरोपी शाम तक श्री गुरुद्वारा साहब में कमरे में बैठाए रखा गया। सिख संगत का कहना है कि यह सब जानबूझकर लोगों की आस्था को चोट पहुंचा कर उन्हें भड़काने के इरादे से किया गया है। गुरुद्वारा साहब के भीतर के हालात देखकर सिख संगत भड़क गई और आसपास के गांवों के भारी संख्या में लोग पहुंच गए।
गांव मंसूरपुर में हुई इस बेअदबी की घटना की चौतरफा निंदा हो रही है। भुलत्थ के विधायक सुखपाल खैरा ने कहा है बहुत दुखद मन से बेअदबी की इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं, जिसमें नास्तिक कट्टरपंथियों ने श्री गुरुग्रंथ साहिब जिस स्थान पर सुशोभित होते हैं वहां पर तंबाकू खाकर थूका है।
पंजाब कि पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने मंसूरपुर में हुई बेअदबी की घटना की घोर निंदा करते हुए ट्वीट किया है कि यह एक बहुत दर्दनाक घटना है, जिसमें सीएम व डीजीपी को सख्त एक्शन लेना चाहिए। एसजीपीसी के प्रवक्ता हरभजन सिंह ने अपने ट्वीटर हैंडल पर कहा है कि जालंधर के मंसूरपुर गुरुघर में हुई बेअदबी की घटना झकझोरने वाली है।