यंगिस्तान फिल्म एक ऐसे नौजवान की कहानी है, जो महज 28 साल की उम्र में सीएम बन जाता है। यह फिल्म युवाओं को एक संदेश देगी और उन्हें पॉलिटिक्स में हिस्सा लेने और वोट देने के लिए प्रेरित करेगी।
फिल्म की प्रमोशन के सिलसिले में चंडीगढ़ पहुंचे फिल्म अभिनेता जैकी भगनानी और अभिनेत्री नेहा शर्मा। दोनों स्टार्स ने सेक्टर-आठ के एक डिस्क में फिल्म की प्रमोशन की।
जैकी ने कहा कि यह एक संयोग ही है कि फिल्म इन दिनों रिलीज हो रही है, जब देश में चुनाव होने वाले हैं। फिल्म हालांकि इस उद्देश्य के साथ नहीं बनाई गई थी कि इसे चुनाव के दिनों में रिलीज किया जाए।
जैकी ने अपने किरदार के बारे में बताते हुए कहा कि इस फिल्म में मैरा नाम अभिमन्यु कौल है जो जापान से भारत आता है। यहां वह अपनी प्रेमिका के साथ लिव इन में रहता है।
फिल्म के बीच में स्थिति कुछ ऐसी बनती है कि वह पॉलिटिक्स में आ जाता है और एकाएक एक स्टेट का सीएम बन जाता है। किरदार के लिए कई लीडर को फोलो भी किया। इनमें अटल बिहारी वाजपेयी, राजीव गांधी, फिडेल कास्त्रो जैसे चर्चित राजनेताओं के बारे में पढ़ा। फिल्म में नेहा जैकी की प्रेमिका की भूमिका में है।
नेहा ने बताया कि यह फिल्म सिर्फ पुरुष प्रधान फिल्म नहीं है, फिल्म में उनका किरदार भी अहम है और हर वक्त मुख्य किरदार के साथ-साथ चलता है। वह उसे सही रास्ते पर चलने को जागरूक करती हैं।