विज ने कहा कि मैं सभी विधायकों को भी यही सलाह देता हूं कि वे हाथ मिलाना बंद करके, दूर से हाथ जोड़ें। इस पर हुड्डा ने भी विज पर तंज कसा और कहा कि आप भी अपने हाथ धो लिया करो। विज के अनुसार रही बात टैबलेट की तो वह खुद इसे इस्तेमाल कर रहे हैं। इन टैबलेट से किसी प्रकार के वायरस का खतरा नहीं है।
विज ने कहा कि कोरोना वायरस के खतरे को लेकर प्रदेश सरकार बहुत गंभीर है। अभी तक चीन से लौटे 943 लोगों पर स्वास्थ्य महकमे की नजर है। इनमें से 15 को अस्पताल में भर्ती कर उनके सैंपल जांच के लिए पुणे वायरोलॉजी लैब में भेजा गया था। सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। सभी अस्पतालों में आईसोलेशन वार्ड बने हुए हैं। प्रदेश में पूरी तरह अलर्ट है।
विधायक अभय चौटाला ने कहा कि चीन से दवाओं का साल्ट आना भी बंद हो गया है। ऐसे में साल्ट अमेरिका से मंगवाना पड़ सकता है और ऐसे में दवाएं महंगी हो सकती है। इस पर विज ने कहा कि केंद्र सरकार इस पर विचार कर रही है। सबकुछ ठीक होगा।
टैब के बाद अब विधायकों को मिले लैपटॉप
विधायकों को हरियाणा सरकार की ओर से होली का तोहफा मिल गया है। बजट के दिन विधायकों को टैबलेट वितरित किए गए थे। लेकिन मंगलवार को उन्हें लैपटॉप दिए गए। लैपटाप के साथ प्रिंटर व कुछ अन्य उपकरण विधायकों को कुछ दिन बाद वितरित किए जाएंगे। स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि विधायक चिंता न करें, ये टैबलेट यहीं भारत में ही निर्मित है। विधायक भी लैपटॉप पाकर उत्साहित नजर आए। उधर, सीएम मनेाहर लाल का दावा है कि टैबलेट और लैपटाप का वितरण एक तरह से विधायकों को अपग्रेड करने जैसा है। जोकि प्रदेश की उन्नति को दर्शाता है।