-इस्राइल की लेगा मदद, जल संरक्षण में भी उन्नत तकनीक अपनाएगा
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब सरकार शहरी इलाकों में सीवेज के गंदे पानी को रीसाइक्लिंग के बाद दोबारा इस्तेमाल करने और जल संरक्षण के लिए इस्राइली तकनीक अपनाएगी। इस सिलसिले में इस्राइल के दूतावास के उप प्रमुख फारेस साएब ने आवास व शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां से मुलाकात कर तकनीकी सहयोग पर चर्चा की।
बैठक में पानी बचाने और ट्रीटेड सीवेज के कुशल पुन: उपयोग के लिए उन्नत तकनीक के प्रयोग पर विस्तार से विचार किया गया। रीसाइक्लिंग के बाद पानी का इस्तेमाल शहरी इलाकों में किया जाएगा।
मंत्री मुंडियां ने कहा कि तेजी से बढ़ रहे शहरीकरण और नागरिक सेवाओं की मांग को देखते हुए टिकाऊ जल प्रबंधन और ट्रीटेड गंदे पानी का कुशल पुन: उपयोग राज्य सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल है।
फारेस साएब ने इस्राइल की विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त तकनीकों के बारे में जानकारी दी और पंजाब में इन्हें लागू करने के लिए संभावित तकनीकी सहयोग, ज्ञान साझा करने और भविष्य के जुड़ाव पर चर्चा की। उन्होंने मंत्री को इस्राइल आमंत्रित भी किया ताकि वह वहां इन तकनीकों को सीधे देख सकें और उनका व्यवहारिक रूप में प्रयोग समझ सकें।