चंडीगढ़। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह वड़िंग ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर पलटवार किया। वड़िंग ने कहा कि जाखड़ यह दावा करते हैं कि कांग्रेस में रहते मुख्यमंत्री बनने के लिए उनके पास 350 करोड़ रुपये नहीं थे, जबकि उनके सहयोगी पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर इस आरोप का पहले ही खंडन कर चुके हैं। वड़िंग ने कहा कि इसका मतलब है कि दोनों में से कोई एक गलत है, क्योंकि दोनों एक साथ सही नहीं हो सकते।
वड़िंग ने आप और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव में आप ने सत्ता का दुरुपयोग किया, बावजूद इसके प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं किया। वहीं, अकाली दल का प्रदर्शन सीमित रहा और केवल बठिंडा और मुक्तसर जिलों तक ही रहा। उन्होंने सुखबीर बादल के स्ट्राइक रेट के दावे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि केवल कुछ सीटें जीत लेने का मतलब यह नहीं कि कोई पार्टी सभी से बेहतर है। वड़िंग ने चुटकी लेते हुए कहा कि छोटे बादल अपनी प्रशंसा के बदले अपने पिता प्रकाश सिंह बादल की आलोचना कैसे सहन कर सकते हैं। ब्यूरो