आढ़तियों के हल्के-फुल्के विरोध के बीच साप्ताहिक बंदी सोमवार के दिन सेक्टर-26 से आईएसबीटी सेक्टर-17 में अस्थायी सब्जी मंडी शिफ्ट हो गई। तड़के ही आढ़तियों ने यूटी प्रशासन की ओर से दिए गए स्थान पर अपना सामान रखना शुरू कर दिया और देर शाम तक शिफ्ट कर लिया। इस दौरान आढ़तियों और पुलिस के बीच सामान शिफ्ट करने को लेकर भी नोकझोंक होती रही। मंगलवार तड़के से फल, सब्जी और आलू-प्याज की आईएसबीटी से बिक्री शुरू हो जाएगी।
कोरोना संक्रमण से बापूधाम कालोनी सील होने के बाद यूटी प्रशासन पिछले 10 दिन से सेक्टर-26 स्थित सब्जी मंडी को शिफ्ट करने की कवायद में जुटा था। आढ़तियों के साथ कई स्तर पर वार्ता के बाद प्रशासन को यह सफलता सोमवार को साप्ताहिक बंदी के दिन मिल ही गई। सेक्टर-17 आईएसबीटी में मंडी शिफ्टिंग को लेकर तड़के ही आढ़ती वाहनों में सामान लोड कर पहुंचने लगे।
सामान को शिफ्ट करने के दौरान मार्केट कमेटी, चंडीगढ़ पुलिस के साथ आढ़तियों की कुछ बिंदुओं को लेकर तीखी बहस भी होती रही, लेकिन उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया। आईएसबीटी में देर शाम तक आढ़ती अपने-अपने सामानों को लाते रहे। कुछ दिक्कतें आईं, लेकिन अधिकारियों के समझाने के बाद सब कुछ सामान्य हो गया। अब मंगलवार की तड़के चार बजे से वेंडरों को फल, सब्जी और आलू-प्याज की आढ़तियों द्वारा बिक्री शुरू की जाएगी।
सेक्टर-26 में नहीं होगी बिक्री
मार्केट कमेटी ने निर्णय लिया है कि अब सेक्टर-26 की मंडी में किसी भी तरह की आलू, प्याज, फल और सब्जियों की बिक्री नहीं की जाएगी। कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि कोई आढ़ती आलू-प्याज या अन्य सामान की बिक्री करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही करने वाले नपेंगे कर्मचारी
मार्केट कमेटी की ओर से जारी आदेशों के अनुपालन में लापरवाही करने वाले कर्मचारी भी नपेंगे। कमेटी के सचिव ने दिए गए सभी आदेशों की एक प्रति ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों को भी भेजी है। इसमें कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि जिस कर्मचारी को जो जिम्मेदारी दी गई है यदि उसके अनुपालन में कोई लापरवाही की गई तो उसके खिलाफ कमेटी सख्त कदम उठाएगी।
सिफारिशी आढ़ती भी बेचेंगे आलू-प्याज
मंडी शिफ्ट होने से पहले सेक्टर-26 में 18 से 20 आढ़ती ही आलू-प्याज का काम करते थे, लेकिन आईएसबीटी में लगने वाली अस्थायी मंडी में इनकी संख्या बढ़कर 31 तक पहुंच गई है। कुछ आढ़तियों ने बताया कि जिन आढ़तियों की संख्या बढ़ी है वह कमेटी या प्रशासन में बैठे अधिकारियों की सिफारिश से आए हैं। इसके साथ ही स्थान आवंटन में भी कमेटी की ओर से पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाने को लेकर आढ़तियों में रोष है।
कोर्ट स्टे की उड़ी अफवाह
सेक्टर-17 में शिफ्ट होने वाली अस्थायी सब्जी मंडी को लेकर कोर्ट स्टे होने की अफवाह दिन भर उड़ती रही। हर कोई एक दूसरे को फोन कर इस खबर की पुष्टि में लगा रहा। हालांकि मार्केट कमेटी की ओर से इस तरह की खबर को पूरी तरह से अफवाह बताया गया। साथ ही कहा गया कि मंडी अस्थायी रूप से आईएसबीटी 17 में शिफ्ट हुई है। अग्रिम आदेश आने तक यही व्यवस्था लागू रहेगी।
सेक्टर 26 में ही रहेगी ग्रेन मार्केट
सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे इसको लेकर मंडी शिफ्ट की गई है। फल, सब्जी और आलू-प्याज को छोड़कर ग्रेन मार्केट को सेक्टर-26 में ही संचालित किया जाएगा। ग्रेन मार्केट को ऑड-ईवन सिस्टम के तहत खोला जा रहा है।
- जरनैल सिंह मावी, सचिव, मार्केट कमेटी, चंडीगढ़।