पंजाब सिंचाई विभाग में करोड़ों रुपये के घोटाले के मुख्य आरोपी ठेकेदार गुरिंदर सिंह भले ही जेल में बंद हो लेकिन उसको वहां वीआईपी ट्रीटमेंट मिल रही है। बीते दो दिन से घन्नौर के कांग्रेस विधायक मदनलाल जलालपुर अपने साथ गुरिंदर सिंह की पत्नी व भाई को लेकर पटियाला सेंट्रल जेल पहुंचते हैं और फिर काफी देर तक गुरिंदर सिंह से उनकी मुलाकात का सिलसिला चलता है। गुरिंदर सिंह के परिजनों के साथ कांग्रेस विधायक के जेल आने की पुष्टि जेल सुपरिंटेंडेंट राजन कपूर ने की है।
जानकारी के अनुसार, गत बुधवार दोपहर 12 बजे विधायक मदनलाल जलालपुर पटियाला जेल पहुंचे। उनके साथ ठेकेदार गुरिंदर सिंह की पत्नी, भाई और एक अन्य व्यक्ति भी थे। विधायक तो जेल सुपरिंटेंडेंट के कमरे में बैठे रहे, जबकि उनके साथ गए लोग गुरिंदर सिंह के मिलने जेल के भीतर चले गए। यह मुलाकात काफी लंबी चली।
वीरवार शाम करीब 5 बजे विधायक फिर पटियाला जेल गए और उनके साथ गुरिंदर सिंह की पत्नी और भाई भी थे। इस बार मुलाकात जेल के भीतर न होकर सुपरिंटेंडेंट के आफिस से सटे कमरे में हुई। जहां ठेकेदार गुरिंदर सिंह अपने परिजनों के साथ काफी देर तक बैठा रहा और चाय पी।
इस संबंध में जब कांग्रेस विधायक मदनलाल जलालपुर से जानना चाहा तो उन्होंने बुधवार को पटियाला जेल जाने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उनके हलके के पांच लोग जेल में हैं, जिनसे वे मिलने गए थे।
ठेकेदार गुरिंदर सिंह की पत्नी और भाई को साथ ले जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि गुरिंदर सिंह से उनके पारिवारिक संबंध हैं और वे उनके परिवार को अच्छी तरह जानते हैं। हालांकि विधायक ने इस बात से इंकार किया कि वे जेल में गुरिंदर से मिलाने उनकी पत्नी और भाई को ले गए थे। वीरवार शाम को फिर से पटियाला जेल जाने के बारे में विधायक महोदय ने कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दिया।
इस बीच, पटियाला सेंट्रल जेल के सुपरिंटेंडेंट राजन कपूर ने कांग्रेस विधायक और ठेकेदार गुरिंदर सिंह के परिजनों के जेल आने की बात स्वीकार की। हालांकि उन्होंने जेल में गुरदिंर सिंह को विशेष तरजीह दिए जाने की बात से इंकार किया।