चंडीगढ़। पीजीआई निदेशक पद की नियुक्ति के लिए 17 से 19 जनवरी तक साक्षात्कार होगा। साक्षात्कार के बाद तीन नाम का पैनल दिल्ली भेजा जाएगा, जहां अप्वाइंटमेंट कमेटी ऑफ केबिनेट व संस्था के अध्यक्ष यानी स्वास्थ्य मंत्री पैनल में शामिल नामों पर सहमति देंगे। इस प्रक्रिया को पूरी होने में डेढ़ से दो महीने तक का समय लग जाएगा।
पीजीआई के डीडीए कुमार गौरव ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण की अध्यक्षता में बनाई गई कमेटी 17 से 19 जनवरी तक आवेदकों का साक्षात्कार लेगी। अब तक तीन दर्जन से ज्यादा आवेदन आए हैं। सिलेक्शन कमेटी ने अब तक आवेदन कर चुके डॉक्टरों को 17 जनवरी से साक्षात्कार के लिए बुलाया है। क्रम के हिसाब से तीन दिनों तक उनका साक्षात्कार वर्चुअल या फिजिकल माध्यम से लिया जाएगा। इसके बाद तय किए गए तीन नाम का पैनल इंस्टिट्यूशनल बॉडी के पास भेजा जाएगा। इंस्टिट्यूशनल बॉडी के अध्यक्ष स्वास्थ्य मंत्री उस पैनल पर मुहर लगाकर उसे पीएमओ भेज देंगे। इसके बाद इस पर फाइनल मुहर लग जाएगी।