एसआईटी ने पूछा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब वे पंजाब लौटे तो उन्होंने क्या कदम उठाए? क्या उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बुलाकर पूछताछ की? मुख्यमंत्री या उप मुख्यमंत्री को विश्वास में लिए बिना पुलिस द्वारा कार्रवाई करने के लिए उन्होंने किसी अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई की? इसके अलावा एसआईटी ने सुखबीर से फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार को लेकर भी सवाल किए।
सुखबीर का कहना था कि वे अक्षय कुमार को एक खेल समारोह के दौरान मिले थे, जिसमें शाहरुख खान, प्रियंका चोपड़ा और धर्मेंद्र भी आए थे। इससे पहले उनसे पंजाब से बाहर कभी मुलाकात नहीं हुई। उधर, एसआईटी के एक अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान सुखबीर बादल ने ज्यादातर सवालों के गोलमोल जवाब ही दिए।
सुखबीर ने चंडीगढ़ में पूछताछ करने का किया था आग्रह
अभिनेता अक्षय कुमार को भी पूछताछ में हाजिर होने के लिए समन किया गया है। एसआईटी ने तीनों को अमृतसर में पेश होने के लिए समन जारी किए थे लेकिन प्रकाश सिंह बादल और फिर सुखबीर के आग्रह पर दोनों नेताओं से चंडीगढ़ में पूछताछ की।