हरियाणा सरकार ने मोबाइल इंटरनेट, एसएमएस और सभी डाॅंगल सेवाओं को बंद कर दिया है। अगले 72 घंटों के दौरान मोबाइल नेटवर्क पर वॉइस कॉल चलती रहेंगी। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राम निवास ने बताया कि आदेश के तहत हरियाणा की सभी टेलीकॉम सेवा प्रदात्ता कंपनियों के साथ-साथ हरियाणा बीएसएनएल के प्रमुख को टेलिकॉम सेवाओं के तहत इंटरनेट सेवाओं व एसएमएस को अस्थायी रूप से बंद करने के लिए कहा गया है।
यह आदेश आपातकालीन स्थिति को देखते हुए जारी किए गए हैं। अगर कोई भी व्यक्ति कानून की अवहेलना करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कदम सोशल साइट्स फेसबुक, व्हाट्स एप, ट्विटर इत्यादि पर फैलाई जाने वाली अफवाहों को रोकने के लिए उठाया गया है।