देश की सबसे बुजुर्ग एथलीट मान कौर (105) शनिवार को सबको रुलाकर दुनिया से चली गईं। डेराबस्सी के एक आयुर्वेदिक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। इसी साल उन्हें पता चला था कि वह गॉल ब्लैडर के कैंसर से पीड़ित हैं। कई दिनों से वह अपने मर्ज पर भारी पड़ रही थीं और पूरा देश उनके लिए दुआएं कर रहा था, लेकिन शायद ऊपर वाले को कुछ और ही मंजूर था।
पिछले कुछ दिनों से डेराबस्सी के पास देवी नगर स्थित शुद्धि आयुर्वेद अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। धीरे-धीरे उनकी सेहत में सुधार भी दिख रहा था लेकिन शनिवार दोपहर अचानक 12.45 बजे उनकी तबीयत खराब हो गई। पहले उल्टी हुई और कुछ देर बाद दोपहर करीब एक बजे उनका देहांत हो गया। उनका पार्थिव शरीर सेक्टर-40 स्थित उनकी बेटी के निवास पर रखा गया है। रविवार सुबह 11 बजे उनका अंतिम संस्कार सेक्टर-25 स्थित इलेक्ट्रिक शवदाह गृह में किया जाएगा।
उनके बेटे गुरदेव सिंह ने बताया कि जून के महीने में मान कौर को पेट में दर्द की शिकायत हुई थी। जांच कराने पर गॉल ब्लैडर में कैंसर की पुष्टि हुई थी। उसके बाद उन्हें पीजीआई में दिखाया गया, लेकिन उम्र ज्यादा होने की वजह से परिजनों ने कीमोथैरेपी कराने से मना कर दिया था। परिजन उन्हें मध्य प्रदेश के एक आयुर्वेदिक अस्पताल में भी लेकर गए। उसके बाद भी उनकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ।