केंद्र में नई सरकार के गठन के बाद सिटी को इंटरनेशनल फ्लाइट का तोहफा मिल सकता है। चंडीगढ़ से स्पाइसजेट की इंटरनेशनल उड़ान प्रस्तावित है, लेकिन इस उड़ान की कुछ औपचारिकताएं बाकी हैं।
चंडीगढ़ से इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए स्पाइसजेट की उड़ान जल्द ही शुरू की जा सकती है। ध्यान रहे कि मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स ने भी सिटी से कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए रिकमंडेशन भेजा है।
जानकारों के अनुसार यहां से मिडल ईस्ट के लिए फ्लाइट्स की शुरुआत की जा सकती है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यहां कस्टम और इमीग्रेशन का सेटअप होना बाकी है।
रनवे मेंटीनेंस का काम तेजी पर
चंडीगढ़ एयरपोर्ट के जानकारों की मानें तो एयरपोर्ट पर अप्रोच लाइट्स और रनवे मेंटीनेंस का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही आईएलएस और अन्य उपकरण लगाने की तैयारी की जा रही है।
सिटी के उद्यमी कर रहे हैं डिमांड
काफी समय से कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री, पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स और सिटी के अन्य उद्यमी चंडीगढ़ से कनेक्टिविटी बढ़ाने और इंटरनेशनल ऑपरेशन शुरू करने की मांग कर रहे हैं। अब इन उद्यमियों की इंटरनेशनल फ्लाइट की उम्मीदों को पंख लग गए हैं। सीआईआई चंडीगढ़ काउंसिल के पूर्व चेयरमैन मनमोहन सिंह ने कहा कि सीआईआई इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू करने के लिए पहले भी प्रस्ताव भेज चुका है।
इसलिए नहीं मिली क्लीयरेंस
सिटी से इंटरनेशनल फ्लाइट इसलिए अटकी हुई थी, क्योंकि मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस ने दो विमानन कंपनियों को इसके लिए क्लीयरेंस नहीं दी थी।
मिनिस्ट्री ने चंडीगढ़ एयरपोर्ट को वायुसेना का बताते हुए सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रस्ताव नामंजूर कर दिया। ध्यान रहे कि फ्लाई दुबई और एयर अरेबिया ने यहां से मिडल ईस्ट के लिए उड़ान भरने की मंशा जतायी थी। स्पाइसजेट की ओर से इंटरनेशनल फ्लाइट को अनुमति देने का प्रस्ताव आया पर फ्लाइट अब तक शुरू नहीं हुई।
सीमित हैं वाच ऑवर्स
चंडीगढ़ सिविल एयरपोर्ट के लिए अभी सुबह सात से रात आठ बजे तक ही वाच आवर्स हैं। ऐसे में विदेश के लिए उड़ान शुरू करने में कई समस्याएं आ सकती हैं।
फ्लाइट्स देरी से आईं तो उनको वापस जाना पड़ सकता है, क्योंकि सीमित वाच ऑवर्स में आठ बजे के बाद उसकी लैडिंग संभव नहीं है। वाच ऑवर्स को बढ़ाने के लिए कई प्रयास किए जा चुके हैं, लेकिन इसमें क्रोइ प्रगति नहीं हुई।